आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर एक शख्स ने कुल्हाड़ी और अन्य चीजों से अमेरिकी सेना के 60 मिलियन डॉलर के C-130 हरक्यूलिस विमान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपी ने हाइड्रोलिक लाइनें काटीं, कॉकपिट के गेज तोड़े और ईंधन टैंक में बॉल बेयरिंग डाल दीं।
आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर घुसकर शख्स ने अमेरिकी C-130 विमान को बुरी तरह तबाह किया।
आरोपी ने कॉकपिट के सभी गेज तोड़े, हाइड्रोलिक सिस्टम की लाइनें काटीं और ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग डालीं।
आरोपी ने कई महीने तक हमले की योजना बनाई और अब यह विमान दोबारा नहीं उड़ सकेगा।
न्यूयॉर्क: आयरलैंड के एक एयरपोर्ट पर एक शख्स ने अमेरिकी सेना के करीब 60 मिलियन डॉलर यानी लगभग 560 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत वाले सैन्य विमान को इस तरह तबाह कर दिया कि अब वह दोबारा उड़ान नहीं भर सकेगा। हैरानी की बात यह है कि इस हमले को अंजाम देने के लिए उसने किसी अत्याधुनिक हथियार का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि कुल्हाड़ी और कुछ सामान्य चीजों की मदद ली। अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, आरोपी ने विमान के अहम हिस्सों को नुकसान पहुंचाया, तार काटे, कॉकपिट के उपकरण तोड़े और ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग तक डाल दीं।
आखिर कहां और कब हुआ हमला?
यह घटना 11 अप्रैल को आयरलैंड के शैनन एयरपोर्ट पर हुई थी। यह एयरपोर्ट देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के साथ-साथ अमेरिकी सैनिकों और सैन्य उपकरणों की आवाजाही के लिए भी इस्तेमाल होता है। अमेरिका के अभियोजकों के मुताबिक, आरोपी ने सुबह करीब 4 बजकर 40 मिनट पर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था तोड़ी और प्रतिबंधित इलाके में घुस गया। उसने टैक्सीवे पर रातभर से खड़े अमेरिकी एयर नेशनल गार्ड के C-130 हरक्यूलिस विमान को निशाना बनाया। विमान का पिछला क्रू दरवाजा खोलने के लिए उसने उसके लॉकिंग सिस्टम को तोड़ दिया और अंदर घुस गया। इसके बाद उसने विमान के दरवाजों को पट्टियों, ब्रैकेट और स्क्रू की मदद से बंद कर दिया।
कौन है विमान को तबाह करने वाला शख्स?
अमेरिकी अभियोजकों ने इस मामले में 48 साल के दाइथी ओ’कोरैन (Daithi O’Corrain) को आरोपी बनाया है। वह आयरलैंड के कॉर्क का रहने वाला बताया गया है, जो शैनन एयरपोर्ट से करीब 97 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में है। हमले के तुरंत बाद आयरलैंड की पुलिस, जिसे अन गार्दा सियोखानाकहा जाता है, ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वहां उस पर आपराधिक नुकसान पहुंचाने और अवैध रूप से प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने के आरोप लगाए गए। अब अमेरिका में भी उसके केस मामला दर्ज किया गया है।
दोषी पाए जाने पर हो सकती है 10 साल की जेल
मैनहैटन की एक अदालत में मंगलवार को सार्वजनिक किए गए अभियोग में ओ’कोरैन पर अमेरिकी सरकार की संपत्ति को नष्ट करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, वह फिलहाल अमेरिकी हिरासत में नहीं है और इस नए आरोप पर उसकी अदालत में पेशी की तारीख भी तय नहीं हुई है। ऑनलाइन कोर्ट रिकॉर्ड में उसके किसी वकील का नाम भी दर्ज नहीं है, जो उसकी तरफ से बयान दे सके। दोषी साबित होने पर उसे अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है।
आखिर कैसे तबाह किया करोड़ों का विमान?
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, ओ’कोरैन ने विमान के अंदर घुसने के बाद उसके कई अहम हिस्सों को निशाना बनाया। उसने सबसे पहले विमान की खिड़कियों को ढकने के लिए क्रू के झूलों यानी हैमॉक का इस्तेमाल किया। हालांकि, कॉकपिट का सामने वाला शीशा खुला छोड़ दिया। इसके बाद उसने विमान के दरवाजों को इस तरह बंद किया कि बाहर से कोई आसानी से अंदर न आ सके। दरवाजों की पट्टियों और ट्रैक में उसने एपॉक्सी नाम के चिपकाने वाले पदार्थ के साथ बॉल बेयरिंग डाल दीं। इससे दरवाजों को खोलना और बंद करना मुश्किल हो गया।
कई जरूरी सिस्टम को नुकसान पहुंचाया
अगले कई घंटों तक उसने विमान के जरूरी सिस्टम को नुकसान पहुंचाया। अभियोग के मुताबिक, उसने तारों के बंडल काटे, हाइड्रोलिक लाइनों को नुकसान पहुंचाया, लिक्विड ऑक्सीजन की एक लाइन को दबाकर खराब किया और हवा पहुंचाने वाली नलियों में छेद कर दिए। उसने कॉकपिट में लगे हर गेज को तोड़ दिया। उसने विमान के ईंधन टैंकों में भी बॉल बेयरिंग समेत कई चीजें डाल दीं। इससे विमान के अहम हिस्से बुरी तरह प्रभावित हुए और वह उड़ान भरने के लायक नहीं रहा। अमेरिकी अभियोजकों ने कहा कि इस हमले के कारण विमान अब दोबारा नहीं उड़ सकेगा।
हमले से पहले कई महीने तक की तैयारी
अभियोजकों के मुताबिक, अगर आरोपी ने ऑक्सीजन लाइन को दबाकर नुकसान पहुंचाने के बजाय उसे काट दिया होता, तो विमान में विस्फोट होने का खतरा पैदा हो सकता था। अमेरिकी अभियोजकों का कहना है कि यह अचानक गुस्से में किया गया हमला नहीं था, बल्कि इसकी तैयारी कई महीने पहले से चल रही थी। ओ’कोरैन ने इंटरनेट पर C-130 विमान के निर्माण और उसकी बनावट से जुड़ी जानकारियां खोजी थीं। उसने एयरपोर्ट के प्रतिबंधित क्षेत्र में चोरी-छिपे घुसने के रास्तों और उनके निर्देशांकों के बारे में भी जानकारी जुटाई थी।
गैलियम नाम के केमिकल के कैप्सूल मंगाए
आरोपी ने मोबाइल फोन पर एक ऐसा ऐप भी लिया था, जिससे विमानों की लाइव लोकेशन देखी जा सकती है। इस ऐप पर सैन्य विमानों की उड़ानों को भी ट्रैक किया जा सकता था। इसके अलावा उसने गैलियम नाम के रसायन के कैप्सूल भी मंगाए थे। गैलियम ऐसा रसायन है जो स्टील को खराब कर सकता है और एल्युमिनियम को कमजोर कर सकता है। C-130 विमान बनाने में मुख्य रूप से एल्युमिनियम का इस्तेमाल होता है। आरोपी ने शैनन एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था में पहले सेंध लगा चुके एक व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश भी की थी।
विमान के क्रू ने आरोपी को सुबह पकड़ा
अभियोग के मुताबिक, विमान का क्रू जब सुबह करीब 9 बजकर 40 मिनट पर एयरपोर्ट लौटा तो उसने कॉकपिट के खुले शीशे से ओ’कोरैन को अंदर देखा। इसके बाद क्रू ने तुरंत सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी। विमान के कर्मचारियों ने आरोपी को छत के एक हैच से बाहर निकलते हुए भी देखा। वह विमान की बाहरी सतह पर कुल्हाड़ी से हमला कर रहा था। अभियोग में वीडियो रिकॉर्डिंग से ली गई तस्वीरें भी शामिल हैं, जिनमें एक शख्स विमान की छत पर खड़ा दिखाई देता है। इसके बाद आरोपी ने ईंधन टैंकों में बॉल बेयरिंग समेत कई चीजें और पदार्थ डाले। इसी दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अमेरिका ने इस पूरे मामले पर क्या कहा?
मैनहैटन के अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि इस मामले में अभियोग एक स्पष्ट और कड़ा संदेश देता है कि अमेरिकी सैन्य संपत्तियों और इस तरह देश की राष्ट्रीय सुरक्षा पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। जिस C-130 विमान को नुकसान पहुंचाया गया, उसकी कीमत करीब 60 मिलियन डॉलर थी। यह 4 इंजन वाला टर्बोप्रॉप विमान है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से सैनिकों और सैन्य उपकरणों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए किया जाता है। घटना के समय यह किसी दूसरे देश में सैन्य मिशन पर जाने वाला था।
ओ’कोरैन के समर्थकों ने दी ये दलील
दूसरी तरफ, ओ’कोरैन के समर्थकों ने इस हमले को अमेरिका की सैन्य गतिविधियों के विरोध में उठाया गया कदम बताया है। खुद को आरोपी का दोस्त और साथी बताने वाले लोगों ने एक ऑनलाइन फंडरेजर शुरू किया। इसमें दावा किया गया कि उसने ईरान के खिलाफ अमेरिका की जंग और गाजा में इजरायल के युद्ध में अमेरिकी समर्थन के विरोध में विमान को नुकसान पहुंचाया। फंडरेजर की आयोजक ट्रेसी रयान ने लिखा,
‘शैनन एयरपोर्ट पर अमेरिकी सेना की अनचाही मौजूदगी और इजरायल के नरसंहार को समर्थन देने वाले उसके अवैध युद्ध के विरोध में प्रतिरोध की एक प्रेरणादायक सीधी कार्रवाई की गई।’
शैनन एयरपोर्ट पर उतरा था ट्रंप का विमान
बता दें कि आयरलैंड में फिलिस्तीनियों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग आवाज उठाते रहे हैं। इसलिए इजरायल-गाजा युद्ध और अमेरिकी सैन्य मौजूदगी वहां संवेदनशील मुद्दे रहे हैं। शैनन एयरपोर्ट पर पिछले 18 महीनों में सुरक्षा में सेंध लगाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें 3 लोगों पर एक अमेरिकी सैन्य विमान पर स्प्रे पेंट करने का आरोप लगा था। इसके अलावा, 3 अन्य लोग अमेरिकी सैन्य जेट की पार्किंग वाले प्रतिबंधित क्षेत्र तक गाड़ी लेकर पहुंच गए थे। दिलचस्प बात यह है कि सितंबर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनका विमान एयर फोर्स वन भी आयरलैंड की यात्रा के दौरान इसी शैनन एयरपोर्ट पर उतरे थे।



