जानकार के साथ मेले में काम करने जाने की बात कहकर निकला था किशोर, 17 दिन बाद भी नहीं मिला कोई सुराग; गांधी नगर थाने में FIR दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय किशोर समीर के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। बेटे के लापता होने के बाद से मां रीना देवी बेहद परेशान हैं। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। बेटे की सलामती को लेकर चिंतित मां ने पुलिस से जल्द तलाश कराने की गुहार लगाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रीना देवी अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहती हैं और पिलर नंबर 1, पुस्ता रोड, गांधी नगर इलाके में काम करती हैं। उनके परिवार में छह बच्चे हैं, जिनमें चार बेटियां और दो बेटे हैं। दोनों बेटे काम के सिलसिले में मां के साथ गांधी नगर इलाके में रहते थे।
रीना देवी के अनुसार, उनका बड़ा बेटा समीर (16) 16 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे अपने एक जानकार संवर के साथ पुस्ता रोड से मेले में काम करने जाने की बात कहकर निकला था। मां को उम्मीद थी कि बेटा काम खत्म करके वापस लौट आएगा, लेकिन देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार की चिंता बढ़ गई।
शुरुआत में परिजनों ने अपने स्तर पर समीर की तलाश की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में भी पूछताछ की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मां का कहना है कि समीर पहले भी काम के सिलसिले में बाहर जाता था, इसलिए शुरुआत में उन्हें लगा कि वह काम पर गया होगा और लौट आएगा। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो पुलिस को सूचना दी गई।
रीना देवी ने आशंका जताई है कि उनका बेटा किसी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर कहीं चला गया है या उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए बेटे की जल्द तलाश करने की मांग की है।
लापता किशोर का हुलिया
समीर की उम्र करीब 16 वर्ष, लंबाई लगभग 5 फीट 4 इंच और रंग सांवला है। उसके चेहरे पर गोलाई है तथा दाहिने हाथ की बाजू पर पुरानी चोट का निशान है। घटना के समय उसने नीले रंग की टी-शर्ट, नीली जींस और नीले रंग की हवाई चप्पल पहन रखी थी।
गांधी नगर थाने में FIR दर्ज
मामले में गांधी नगर थाना पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को FIR संख्या 403/2026 भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत दर्ज की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पीसीआर कॉल मिलने के बाद सब-इंस्पेक्टर विशाल राणा मौके पर पहुंचे और शिकायतकर्ता रीना देवी के बयान दर्ज किए। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर विशाल राणा को सौंपी गई।
समीर की जानकारी मिलने पर इन नंबरों पर करें संपर्क
लापता किशोर समीर के संबंध में किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी मिलती है या वह कहीं दिखाई देता है तो कृपया तुरंत नीचे दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करें।- 7303940056
मां रीना देवी संपर्क नंबर: 78796818553
भाई: 9873287052



