Thursday, August 20, 2026

ट्रंप के ‘गुडविल’ का किम ने मिसाइलों से दिया जवाब! समुद्र की ओर दागीं 10 बैलिस्टिक मिसाइलें

Must Read

नॉर्थ कोरिया ने गुरुवार को राजधानी क्षेत्र से करीब 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र की ओर दागीं। यह परीक्षण अमेरिका-साउथ कोरिया के सैन्य अभ्यास में कटौती और ट्रंप के किम जोंग उन से अच्छे संबंधों के दावे के बीच हुआ।
नॉर्थ कोरिया ने गुरुवार शाम राजधानी क्षेत्र से करीब 10 मिसाइलें दागीं।
साउथ कोरिया, अमेरिका और जापान ने मिसाइल लॉन्च की जानकारी साझा की।
ट्रंप की पहल के बावजूद किम यो जोंग ने बातचीत के संकेत को खारिज किया।
सियोल: नॉर्थ कोरिया ने गुरुवार को कम दूरी की करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलें समुद्र की ओर दागी हैं। साउथ कोरिया की सेना के मुताबिक, मिसाइलों की लॉन्चिंग शाम करीब 5 बजे नॉर्थ कोरिया के राजधानी क्षेत्र से किया गया। ये मिसाइलें नॉर्थ कोरिया के पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर गईं। साउथ कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि सेना ने अपनी निगरानी व्यवस्था और मजबूत कर दी है। साउथ कोरिया, अमेरिका और जापान इन मिसाइल लॉन्च से जुड़ी जानकारी आपस में साझा करते हुए लगातार संपर्क में हैं।

साउथ कोरिया में बुलाई गई इमरजेंसी मीटिंग
मिसाइल परीक्षण के बाद दक्षिण कोरिया की राष्ट्रपति राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इमरजेंसी मीटिंग की। बैठक के बाद जारी बयान में उत्तर कोरिया से बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण रोकने की अपील की गई। दक्षिण कोरिया ने कहा कि इस तरह के मिसाइल परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के खिलाफ हैं। जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी इससे पहले संदिग्ध मिसाइल लॉन्च का पता चलने की जानकारी दी थी। उत्तर कोरिया का यह मिसाइल परीक्षण ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और दक्षिण कोरिया ने अपने संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ को छोटा करने का फैसला किया है।

ट्रंप ने सैन्य अभ्यास की अवधि घटाने को कहा
बुधवार को दोनों देशों की सेनाओं ने बताया था कि 11 दिन चलने वाले इस अभ्यास को सीमित किया जा रहा है। यह अभ्यास सोमवार से शुरू हुआ था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अभ्यास शुरू होने से ठीक पहले उत्तर कोरिया के प्रति ‘गुडविल’ दिखाते हुए पेंटागन को इसे ‘काफी हद तक कम करने’ का आदेश दिया था। ट्रंप ने इसके पीछे उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ अपने अच्छे संबंधों और ईरान में चल रहे युद्ध को लेकर दक्षिण कोरिया के उनके समर्थन में नहीं आने को वजह बताया था।

किम यो जोंग ने ट्रंप की पहल को बताया बेअसर
ट्रंप की इस पहल के बाद किम जोंग उन की प्रभावशाली बहन किम यो जोंग ने बुधवार को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्रंप की पहल को खारिज करते हुए कहा कि यह ऐसी बात है, जिस पर टिप्पणी करना भी जरूरी नहीं है। किम यो जोंग ने कहा कि सैन्य अभ्यास की अवधि और आकार कम करने से उसकी ‘उकसाने वाली और आक्रामक प्रकृति’ नहीं बदलती। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका यह मानता है कि हालिया कदम को तथाकथित सद्भावना के संकेत के रूप में पेश करके उत्तर कोरिया से मनचाहा जवाब हासिल कर लेगा, तो ऐसा नहीं होगा।

ट्रंप के प्रति थोड़ा नरम दिखीं किम यो जोंग
किम यो जोंग ने इस साल अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच हुए कई दूसरे सैन्य अभ्यासों का भी जिक्र किया। साथ ही दक्षिण कोरिया की परमाणु ऊर्जा से चलने वाली पनडुब्बियां शामिल करने की योजना पर भी सवाल उठाया। हालांकि, किम यो जोंग ने इस बार उत्तर कोरिया की आम तौर पर दिखने वाली बेहद तीखी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने कहा कि उनके भाई किम जोंग उन और ट्रंप के बीच व्यक्तिगत संबंध ‘अब भी बहुत अच्छे’ हैं। इस बयान से संकेत मिलता है कि उत्तर कोरिया फिलहाल बातचीत में लौटने से पहले अमेरिका से और बड़ी रियायतों की उम्मीद कर रहा है।

किम जोंग उन से बातचीत को लेकर ट्रंप का दावा
किम यो जोंग ने ट्रंप के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि किम जोंग उन ने बातचीत के उनके अनुरोध का जवाब दिया है। बुधवार को पत्रकारों ने ट्रंप से पूछा कि क्या वह इस साल किम जोंग उन से मुलाकात करेंगे। ट्रंप ने जवाब दिया, ‘हां, मैं करूंगा।’ हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह किम जोंग उन के साथ पत्रों का आदान-प्रदान कर रहे हैं, तो उन्होंने इसका सीधा जवाब नहीं दिया। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि किम जोंग उन के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। इस बीच, गुरुवार को करीब 10 बैलिस्टिक मिसाइलों का नया परीक्षण यह दिखाता है कि सैन्य तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। (AP से इनपुट्स के साथ)

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

कैंसर की नकली दवाओं के इंटरस्टेट सिंडिकेट का पर्दाफाश, करीब 9 करोड़ का सामान बरामद; गिरफ्तार किए गए 17 आरोपी

कैंसर की नकली दवाओं और हॉस्पिटल में मरीजों के लिए उपलब्ध दवाओं को डायवर्ट करने वाले इंटरस्टेट सिंडिकेट का...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img