रजनीकांत की ‘जेलर 2’ 12 नवंबर से प्राइम वीडियो पर पांच भाषाओं में स्ट्रीम होगी। फिल्म में मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति के कैमियो हैं। सिनेमाघरों में इसने 820 करोड़ रुपये से ज्यादा कमाए हैं।
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन करने के बाद उनकी फिल्म ‘जेलर 2’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। प्राइम वीडियो ने फिल्म की ओटीटी रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी यह एक्शन ड्रामा 12 नवंबर से स्ट्रीम होगी। फिल्म में रजनीकांत एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार टाइगर मुथुवेल पांडियन के रूप में नजर आएंगे। खास बात यह है कि फिल्म का प्रीमियर भारत के अलावा दुनियाभर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा। बता दें, फिल्म बड़े पर्दे पर दुनियाभर में 800 से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
पांच भाषाओं में देख सकेंगे दर्शक
प्राइम वीडियो ने 5 नवंबर को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ‘जेलर 2’ की ओटीटी रिलीज की जानकारी साझा की। प्लेटफॉर्म ने पोस्ट के साथ लिखा, ‘टाइगर मुथुवेल पांडियन वापस आ गए हैं। रीलोडेड।’ फिल्म 12 नवंबर से तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में उपलब्ध होगी। इस तरह अलग-अलग भाषाओं के दर्शक अपने पसंदीदा सुपरस्टार को एक बार फिर एक्शन अवतार में देख सकेंगे। फिल्म की पहली कड़ी ‘जेलर’ भी प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी, जिससे दर्शक मुथुवेल पांडियन की कहानी के दोनों हिस्सों का आनंद ले पाएंगे।
परिवार की रक्षा के लिए फिर एक्शन में उतरेंगे मुथुवेल पांडियन
‘जेलर 2’ की कहानी पहली फिल्म की घटनाओं को आगे बढ़ाती है। इसमें रिटायर हो चुके जेलर मुथुवेल पांडियन को एक बार फिर अपनी पुरानी दुनिया में लौटना पड़ता है। इस बार एक ताकतवर आपराधिक सिंडिकेट उसके परिवार और करीबियों के लिए खतरा बन जाता है। ऐसे में वह अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अपराधियों से भिड़ता है। पुराने दुश्मनों की वापसी और नए गठबंधनों के बीच मुथुवेल पांडियन किस तरह हालात का सामना करता है, यही फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। सीक्वल में एक्शन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी प्रमुखता दी गई है।
मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति के खास कैमियो
फिल्म की स्टारकास्ट भी काफी दमदार है। रजनीकांत के साथ मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति विशेष भूमिकाओं में दिखाई देते हैं। इसके अलावा एस.जे. सूर्या, शिवराजकुमार, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, नमो नारायण और योगी बाबू भी अहम किरदारों में हैं। फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है, जबकि इसका निर्माण कलानिधि मारन ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है।
निर्देशक नेल्सन ने जताई खुशी
फिल्म की ओटीटी रिलीज को लेकर निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने कहा कि पहली ‘जेलर’ को दर्शकों से असाधारण प्रतिक्रिया मिली थी। मुथुवेल पांडियन के किरदार को मिले प्यार ने इस सफर को उनके लिए खास बनाया। उन्होंने बताया कि ‘जेलर 2’ के जरिए टीम ने दर्शकों के साथ इस जुड़ाव को आगे बढ़ाने और कहानी, एक्शन, भव्यता तथा भावनात्मक पहलुओं को नए स्तर पर ले जाने की कोशिश की। नेल्सन के मुताबिक, रजनीकांत की प्रतिष्ठित भूमिका में वापसी और शानदार कलाकारों की मौजूदगी ने इस फिल्म को खास बनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि अनिरुद्ध के संगीत ने फिल्म को अलग ऊर्जा दी है।
बॉक्स ऑफिस पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
ओटीटी रिलीज की घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, रिलीज के 22वें दिन तक ‘जेलर 2’ ने भारत में 545.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था, जबकि इसका नेट कलेक्शन 466.22 करोड़ रुपये रहा। वहीं, फिल्म की दुनियाभर में कमाई 820 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। इसी के साथ इसने अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तमिल फिल्म का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अब सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म की ओटीटी रिलीज पर दर्शकों की प्रतिक्रिया का इंतजार है।



