नवी मुंबई के एक रेस्टोरेंट में जोरदार धमाके का मामला सामने आया है। धमाका इतना जोरदार था कि कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं और करीब एक किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
नवी मुंबई: इस वक्त की बड़ी खबर नवी मुंबई के सानपाड़ा सेक्टर-1 इलाके से आ रही है। यहां प्रतीक्षा इमारत में मंगलवार को सागर फैमिली रेस्टोरेंट में जोरदार विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विस्फोट सिलेंडर में धमाका होने के कारण होने का अनुमान है। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेस्टोरेंट के आसपास की करीब छह दुकानों के शटर उखड़ गए। वहीं, दुकान के सामने स्थित अस्पताल की कांच की खिड़कियां भी टूट गईं। घटना में दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। विस्फोट की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन दल की ओर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
कई मकानों की खिड़कियां टूटीं
नवी मुंबई के सानपाड़ा सेक्टर-1 स्थित प्रतीक्षा इमारत में मंगलवार को एक समोसे की दुकान में भीषण विस्फोट हो गया। इस हादसे में दो लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों लोग उसी समोसे की दुकान में रहते थे। विस्फोट इतना भीषण था कि आसपास की पांच दुकानों के शटर टूट गए और दुकान से करीब 100 मीटर की दूरी पर मौजूद सूरज अस्पताल में भी नुकसान हुआ। जिस दुकान में विस्फोट हुआ उसके सामने एक सर्विस रोड है फिर एक फ्लाईओवर, आगे एक और सर्विस रोड है उसके बाद सूरज हॉस्पिटल मौजूद है। जिसकी दीवार और खिड़की की कांच को नुकसान हुआ है। इसी बात से विस्फोट की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। घटना के बाद दोनों घायलों को वाशी के महानगर पालिका अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट इतना तीव्र था कि आवाज लगभग एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। इस विस्फोट के चलते मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग काफी घबरा गए और वहां आकर देखा तो दोनों चाचा भतीजे घायल अवस्था में बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को कॉल किया और पुलिस स्टेशन नजदीक होने के कारण पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया। फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां पर आग नहीं होने के कारण उन्हें कुछ करने की आवश्यकता नहीं पड़ी। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने भी वहां जाकर सबूत इकट्ठा किए। हालांकि अभी तक जांच जारी है और अधिकारियों ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है।



