सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में रजत पाटीदार ने 48 बॉल पर नाबाद 135 रनों की पारी खेली। असम के खिलाफ मध्य प्रदेश की टीम ने 250 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है। रजत ने 13 छक्के और 8 चौके लगाए।
रजत पाटीदार ने एक और दफा जबरदस्त पारी खेलकर इतिहास रच दिया। उन्होंने अपनी पारी में चौके और छक्कों की झड़ी सी लगा दी। उनका स्ट्राइक रेट करीब 300 का रहा। जो काम कोई बल्लेबाज नहीं कर पाया, वो रजत पाटीदार ने कर दिखाया है। उनकी इस पारी की बदौलत मध्य प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 250 का स्कोर टांग दिया।
रजत पाटीदार ने केवल 41 बॉल पर ठोक दी धमाकेदार सेंचुरी
इस वक्त सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच खेले जा रहे हैं। मध्य प्रदेश बनाम असम के बीच हुए मैच में मध्य प्रदेश की टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी। शुरुआती विकेट गिरने के बाद रजत पाटीदार बल्लेबाजी के लिए आए, जो इस टीम के कप्तान भी हैं। उन्होंने आते ही तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने केवल 25 बॉल पर अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद तो उन्होंने जैसे चौके और छक्कों की लाइन लगा दी। रजत ने केवल 41 बॉल में ही सेंचुरी लगा दी। इसके बाद भी उनका यही जलवा जारी रहा।
48 बॉल में बना दिए नाबाद 135 रन
इस मैच में रजत पाटीदार ने केवल 48 बॉल पर 135 रन बनाए और आखिर तक नाबाद रहे। उनकी इस पारी में 13 छक्के और आठ चौके आए। उन्होंने 281.25 के स्ट्राइक रेट से रन ठोकने का काम किया। इसी वजह से मध्य प्रदेश की टीम 250 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। पारी के 19वें ओवर में रजत ने एक चौका और चार छक्के लगाए।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बने
खास बात ये है कि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इससे पहले तक कोई भी मध्य प्रदेश का बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया था। इससे पहले साल 2021 में रजत पाटीदार ने 96 रन बनाए थे और केवल चार रन से अपने शतक से चूक गए थे। अब रजत पाटीदार इस टूर्नामेंट में एमपी के शतक लगाने वाले पहले और अकेले खिलाड़ी बन गए हैं। रजत पाटीदार के आने के बाद रनों की स्पीड में कैसा उछाल आया, इसे इस बात से समझा जा सकता है कि पहले 7.4 ओवर में टीम का स्कोर 57 रन था और तीन विकेट गिर चुके थे, लेकिन 20 ओवर खत्म होते होते टीम ने 250 रनों का आंकड़ा छू लिया।



