इस वक्त की बड़ी खबर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से जुड़ी सामने आ रही है। सीएम योगी की माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव में निधन हो गया। पौड़ी गढ़वाल के एसएसपी सर्वेश पंवार ने उनके निधन की पुष्टि की है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि उनका निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ। वहीं सीएम योगी की माता का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में होने की संभावना है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं।
लंबे समय से थीं बीमार
सीएम योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी ने 91 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं, जिसके बाद शुक्रवार को उनका निधन हो गया। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सीएम धामी ने सीएम योगी की माता के निधन को हृदयविदारक बताया। उन्होंने सीएम योगी की माता के निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
सीएम धामी ने किया पोस्ट
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सीएम धामी ने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
एमपी के सीएम ने जताया शोक
मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का जाना वह दुःख है, जिसे शब्दों में व्यक्त कर पाना असंभव है। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री जी एवं उनके समस्त परिवारजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम जी दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।



