क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में टीम इंडिया की पहली पारी में ऋषभ पंत सिर्फ 23 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे, लेकिन वह एक बड़ा कारनामा करने में जरूर कामयाब हो गए।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पहली पारी में भले ही बल्ले से कोई खास कमाल करने में कामयाब नहीं हो सके, लेकिन वह एक खास लिस्ट में इंग्लैंड टीम के पूर्व खिलाड़ी बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ने में जरूर कामयाब हो गए हैं। क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में टीम इंडिया की पहली पारी में ऋषभ पंत के बल्ले से 23 रनों की पारी देखने को मिली जिसमें उन्होंने एक और एक छक्का भी लगाया, इसी के साथ पंत अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में बेन स्टोक्स को पीछे छोड़ने के साथ नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज हो गए हैं।
पंत ने 44वें मैच में स्टोक्स को छोड़ा पीछे
इंग्लैंड टीम के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स जिनकी गिनती वर्ल्ड क्रिकेट के बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में की जाती है वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में पिछले काफी समय से सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में नंबर-1 की पोजीशन पर काबिज थे। स्टोक्स ने WTC के इतिहास में कुल 64 मुकाबलों की 117 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 88 छक्के लगाए थे। वहीं पंत ने WTC इतिहास में अपने 44वें मुकाबले की 76वीं पारी में स्टोक्स को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 की पोजीशन पर कब्जा कर लिया है, जिसमें उनके बल्ले से अब तक कुल 89 छक्के देखने को मिल चुके हैं।
WTC के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
ऋषभ पंत (भारत) – 89 छक्के
बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) – 88 छक्के
रोहित शर्मा (भारत) – 56 छक्के
शुभमन गिल (भारत) – 48 छक्के
यशस्वी जायसवाल (भारत) – 45 छक्के
टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में अभी पंत दूसरे नंबर पर
ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अभी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं, जिसमें वह कुल 109 छक्के लगाने में कामयाब हो चुके हैं। वहीं इस लिस्ट में नंबर-1 पर काबिज बेन स्टोक्स जो 138 छक्के लगाने में कामयाब रहे हैं उनको पीछे छोड़ने का भी पंत के पास शानदार मौका है जिसके लिए अभी उनको 30 छक्के और लगाने होंगे।



