Saturday, August 8, 2026

डॉक्टर की सलाह पर शराब? टीचर ने माना- बोतल स्कूल ले आता हूं, नशे में गिर जाता हूं; बच्चे बोले- हम पर उल्टी कर देते हैं

Must Read

मध्य प्रदेश के सिहावल जनपद से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां शिक्षा के मंदिर स्कूल में टीचर पर शराब पीने के आरोप लगे हैं। शराब के नशे में धुत टीचर का वीडियो भी सामने आया है।

सीधी: सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम डिहुली नंबर-4 स्थित प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल पर शराब के नशे में स्कूल आने और परिसर में ही शराब पीने के आरोप लगे हैं। गुरुवार को गांव के निवासी गयासुद्दीन अंसारी द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

वीडियो वायरल होने के बाद पड़ताल करने पर शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल स्कूल के कमरे में लेटे मिले। पूछने पर उन्होंने शराब पीने से इनकार करते हुए कहा कि उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया है। हालांकि कुछ देर बाद वे लड़खड़ाते हुए ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाने पहुंचे और जिला कलेक्टर विकास मिश्रा की जगह “मनीष मिश्रा” लिख दिया।

बच्चों ने खोली टीचर की पोल

स्कूल के बच्चों ने बताया कि शिक्षक अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं। उनका कहना था कि कई बार वे कक्षा में ही गिर जाते हैं, कभी बच्चों के ऊपर गिर पड़ते हैं और कभी उल्टी भी कर देते हैं। बच्चों के अनुसार, इसी वजह से कई अभिभावकों ने अपने बच्चों का स्कूल आना बंद कर दिया है।

200 बच्चे थे, अब सिर्फ 28… अभिभावकों ने छुड़वाया स्कूल

स्कूल के दूसरे शिक्षक अशोक कुमार शर्मा ने दावा किया कि पिछले दो वर्षों से वे इस स्थिति को देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित शिक्षक महीने में मुश्किल से दो-तीन दिन ही स्कूल आते हैं और अधिकांश समय नशे में रहते हैं। इस संबंध में कई बार संकुल प्राचार्य और बीआरसी कार्यालय में शिकायत तथा उपस्थिति का रिकॉर्ड भी दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वास्तविक उपस्थिति कम होने के बावजूद पूरा वेतन जारी किया जाता रहा। उनके अनुसार, पहले स्कूल में करीब 200 बच्चे थे, जो अब घटकर 28 रह गए हैं।

संकुल प्राचार्य ने क्या कहा?

संकुल प्राचार्य सुरेश प्रसाद कोल ने स्वीकार किया कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है। उनका कहना है कि शिक्षक को कई बार समझाया गया, लेकिन सुधार नहीं हुआ। वहीं एसीएस दिवाकर प्रसाद शुक्ला ने कहा कि उन्हें संकुल से भेजी गई उपस्थिति के आधार पर वेतन जारी होता है। प्रारंभिक जानकारी में संबंधित शिक्षक के केवल चार दिन स्कूल आने की बात सामने आई है, जबकि पूरी उपस्थिति भेजी गई थी। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।

डॉक्टर की सलाह पर पीता हूं शराब- टीचर

वहीं, शिक्षक दिनेश प्रसाद कोल ने स्वीकार किया कि वे कभी-कभार शराब पीते हैं। उनका दावा है कि वे बीपी के मरीज हैं और एक डॉक्टर की सलाह पर शराब का सेवन करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी माना कि वे शराब की बोतल स्कूल लेकर आते हैं। अब पूरे मामले में शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

बता दें कि पिछले महीने ही धार जिले से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां एक महिला टीचर शराब के नशे की टल्ली होकर स्कूल पहुंच गई। स्कूल में कुछ मजदूर काम कर रहे थे, जिनके साथ महिला टीचर की बहसबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

पेट से जुड़ी समस्या बन न जाए कोलोरेक्टल कैंसर का कारण, जान लें कब करवाएं टेस्ट

पेट की आम लगने वाली समस्याएं, जैसे लंबे समय तक कब्ज, गैस, या अपच, को अक्सर लोग नजरअंदाज कर...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img