गॉल टेस्ट के पांचवें दिन यशस्वी जायसवाल ने निरोशन डिकवेला के साथ मजेदार माइंडगेम खेला। जायसवाल ने डिकवेला को छक्का लगाने के लिए उकसाया और फिर प्रसिद्ध कृष्णा को विकेट दिला दिया।
गॉल टेस्ट के पांचवें दिन मैदान पर गेंद और बल्ले के साथ-साथ शब्दों की भी जोरदार जंग देखने को मिली। भारत के युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला के साथ ऐसा मजेदार माइंडगेम खेला कि कुछ ही पल बाद उसका असर भी दिख गया। जायसवाल ने डिकवेला को छक्का लगाने के लिए उकसाया और यहां तक कह दिया कि अगर वह छक्का मार देंगे तो उन्हें IPL में पहुंचाने की जिम्मेदारी उनकी होगी। डिकवेला ने भी मजाकिया अंदाज में हामी भरी, लेकिन फिर पर अपना विकेट गंवा बैठे।
भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पांचवें दिन डिकवेला बल्लेबाजी के लिए तब आए, जब मेजबान टीम मुश्किल में थी। भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा था और टीम लगातार विकेट गंवा रही थी। कप्तान धनंजय डी सिल्वा और सोनल दिनुशा ने कुछ देर तक भारतीय गेंदबाजों को परेशान किया, लेकिन रवींद्र जडेजा ने डी सिल्वा को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ दिया।
IPL के लालच में फंसे डिकवेला
इसके बाद डिकवेला क्रीज पर पहुंचे। जायसवाल विकेट के नजदीक खड़े थे और लगातार उनसे बातचीत कर रहे थे। उन्होंने डिकवेला को पहली पारी में लगाए गए शॉट्स की याद दिलाते हुए छक्का लगाने के लिए उकसाया। जायसवाल ने कहा कि चलो यार, पहली पारी में बहुत सारे शॉट खेले थे। कुछ दिखाओ। वहां मारो, डीप स्क्वायर लेग की तरफ। क्यों नहीं? डिकवेला ने जवाब दिया- कोई जरूरत नहीं। उन्हें IPL में ले जाओ, फिर मारूंगा। जायसवाल ने तुरंत बात पकड़ ली और कहा कि हम ले जाएंगे, 100 प्रतिशत। चलो, एक छक्का मारो, मैं तुम्हें IPL में ले जाऊंगा। डिकवेला ने जवाब में कहा- थैंक यू।
इस मजेदार बातचीत के बाद जो हुआ, वह डिकवेला के लिए बिल्कुल भी मजेदार नहीं था। प्रसिद्ध कृष्णा ने शॉर्ट गेंदों का सिलसिला शुरू किया और लगातार डिकवेला को परेशान किया। ओवर की आखिरी गेंद पर डिकवेला ने शॉर्ट गेंद को खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का किनारा लगा और विकेट के पीछे खड़े ऋषभ पंत ने आसान कैच पकड़ लिया। डिकवेला सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह जायसवाल ने अपने माइंडगेम से भारत को बड़ी सफलता दिला दी।
टीम इंडिया ने दर्ज की जीत
इस विकेट के साथ भारत ने श्रीलंका को एक और बड़ा झटका दिया और जीत की ओर बड़ा कदम बढ़ाया। इससे पहले जडेजा ने धनंजय डी सिल्वा को 59 रन के स्कोर पर आउट किया था। भारत ने श्रीलंका के सामने 372 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में लंका की टीम दूसरे सेशन में 206 रन के स्कोर पर ढेर हो गई। इस तरह भारतीय टीम ने गॉल टेस्ट 165 रनों से जीतते हुए 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।



