UAE में एक बेकाबू ट्रक ने एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में कई भारतीय भी शामिल हैं।
संयुक्त अरब अमीरात में एक ट्रक बेकाबू होकर सड़क पर कई गाड़ियों से टकरा गया। UAE के गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई और करीब 30 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। यह घटना फुजैराह अमीरात के एंट्री गेट के पास एक सड़क पर हुई। ये भी बताया गया है कि मृतकों में कई भारतीय भी शामिल हैं।
बेकाबू ट्रक की चपेट में आईं कई गाड़ियां
गृह मंत्रालय के एक स्टेटमेंट के मुताबिक, सड़क पर जा रहे एक ट्रक ड्राइवर ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया था, जिससे उसका ट्रक एक दूसरे वाहन से टकरा गया। इसके बाद ट्रक पलट गया और सड़क पर ट्रैफिक जाम के कारण रुकी हुई कई अन्य गाड़ियों से जा टकराया। यह घटना आधी रात के आसपास हुई है।
टक्कर के बाद कई गाड़ियों में लग गई आग
ये भी कहा गया कि इस टक्कर की वजह से हादसे के दौरान ट्रक में आग लग गई और यह आग कई अन्य वाहनों तक फैल गई, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ। पुलिस, एम्बुलेंस और सिविल डिफेंस की टीमों समेत इमरजेंसी सर्विस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों में से आधे लोगों को इलाज के बाद हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई, जबकि बाकी लोगों का इलाज अभी भी चल रहा है।
मारे गए लोगों में कई भारतीय शामिल
दुबई के गृह मंत्रालय के मुताबिक, मारे गए लोगों की पहचान करने के लिए DNA टेस्ट किए गए हैं। वहीं, दुबई में भारतीय वाणिज्य दूतावास ने जानकारी दी कि मृतकों में कई भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वाणिज्य दूतावास ने शोक संतप्त परिवारों से बात की। भारतीय वाणिज्य दूतावास हर संभव मदद व सहयोग देने के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
ओमान-ब्राजील के लोग भी हुए घायल
जानकारी के मुताबिक, घायलों में संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, ब्राजील, पाकिस्तान, जॉर्डन और मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे। इससे पहले, मई में UAE पर ईरान के हमले में 3 भारतीय घायल हो गए थे। PM मोदी ने इस घटना की निंदा की थी।



