नर्मदापुरम/माखननगर।* पड़ोसियों के बीच विवाद का खामियाजा एक परिवार को इस कदर भुगतना पड़ रहा है कि अब उसके घर से बाहर निकलने का रास्ता तक बंद हो गया है। आरोप है कि करीब 50 वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे घर के एकमात्र रास्ते को पड़ोसियों ने कथित तौर पर अवैध तरीके से फेंसिंग और जाली लगाकर बंद कर दिया। हालात ऐसे हैं कि परिवार के सदस्यों का पैदल निकलना तो दूर, घर में वाहन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। बच्चों की स्कूल आवाजाही, कृषि कार्य और रोजमर्रा की जरूरतें बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। मामला नर्मदापुरम जिले की माखननगर तहसील के ग्राम चौराहेट का है।
*विवाद के बाद रास्ते पर कर दी फेंसिंग, परिवार परेशान*
ग्राम चौराहेट निवासी रामकिशोर गुर्जर और आजाद सिंह चौधरी पुत्रगण हनुमत सिंह ने इस संबंध में प्रशासन से शिकायत की है। शिकायतकर्ता रामकिशोर का आरोप है कि उनके घर से मुख्य मार्ग तक आने-जाने के लिए पिछले करीब 50 वर्षों से एक ही रास्ता मौजूद है। 24 अक्टूबर 2026 को पड़ोसियों ने कथित तौर पर रास्ते पर जबरन फेंसिंग और जाली लगाकर उसे बंद कर दिया।
शिकायत में रामभरोस, दशरथ, रूपराम और हीरालाल सहित अन्य लोगों पर रास्ता बंद करने का आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि पड़ोसियों के साथ विवाद के बाद रास्ते को चारों तरफ से बंद कर दिया गया, जिससे उनका घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
*घर में कैद जैसी स्थिति, बच्चों की पढ़ाई और खेती पर असर*
रास्ता बंद होने के बाद परिवार के सामने कई तरह की परेशानियां खड़ी हो गई हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक बच्चों का स्कूल जाना प्रभावित हो रहा है। कृषि कार्य के लिए जरूरी साधन और वाहन भी बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। आपातकालीन स्थिति में मरीज को अस्पताल ले जाने या जरूरी सामान लाने-ले जाने में भी परेशानी हो सकती है।
परिवार का कहना है कि घर तक पहुंचने का दूसरा कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में रास्ता बंद होने से उनका सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है।
*तहसीलदार ने सीमांकन के दिए निर्देश, दो दिन में मांगी रिपोर्ट*
मामले में राजस्व विभाग के दस्तावेज भी सामने आए हैं। तहसीलदार माखननगर ने 2 नवंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक मोहन प्रसाद दुबे, संबंधित राजस्व अमले और हल्का पटवारी को मौके पर पहुंचकर जांच एवं सीमांकन करने के निर्देश जारी किए थे।
आदेश में राजस्व अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर रास्ते की स्थिति स्पष्ट करने तथा रास्ता खुलवाने के संबंध में कार्रवाई करते हुए दो दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था।
इसके साथ ही अनुविभागीय अधिकारी नर्मदापुरम को सूचना भेजी गई तथा थाना प्रभारी माखननगर से मौके पर पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया गया था, ताकि राजस्व कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
*सरकारी नक्शे में रास्ता होने का दावा, सीमांकन से खुलेगा विवाद*
शिकायतकर्ता का दावा है कि विवादित रास्ता सरकारी नक्शे में दर्ज है और उनकी भूमि के अंतर्गत आने वाले हिस्से से होकर सार्वजनिक मार्ग से जुड़ता है। परिवार ने अपने दावे के समर्थन में खसरा, नक्शा, सीमांकन आवेदन और चालान की प्रतियां भी प्रशासन को उपलब्ध कराने की बात कही है।
अब सवाल यह है कि जब तहसीलदार ने सीमांकन और जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं, तो मौके पर वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और परिवार को रास्ते की सुविधा कब तक मिल पाएगी।
*SP से लगाई गुहार, धमकी देने का भी आरोप*
पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम को 12 नवंबर 2026 को आवेदन देकर रास्ता तत्काल खुलवाने की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रास्ता बंद करने का विरोध करने पर संबंधित लोग गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं।
परिवार ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते रास्ता नहीं खुलवाया गया तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मौके की जांच कर रास्ता खुलवाने और धमकी देने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
*अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी परिवार की उम्मीद*
एक तरफ परिवार पिछले 50 वर्षों से इस्तेमाल किए जा रहे रास्ते को बंद किए जाने का आरोप लगा रहा है, वहीं दूसरी तरफ तहसीलदार के आदेश के बावजूद मौके पर सीमांकन और रास्ता खुलवाने की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब देखना होगा कि राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर विवाद का समाधान कब तक कराते हैं।
फिलहाल एक परिवार अपने ही घर से बाहर निकलने के रास्ते के लिए प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहा है।



