सैंडपेपरगेट मामले की चर्चा फिर से सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस की पोजीशन को लेकर संशय के स्थिति के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का अब बड़ा बयान सामने आया है।
वर्ल्ड क्रिकेट में एकबार फिर से साल 2018 में हुए सैंडपेपरगेट मामले की चर्चा काफी देखने को मिल रही है, जिसके पीछे बड़ी वजह ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा हैं। अपनी आत्मकथा सब्र में उस्मान ख्वाजा ने खुलासा किया कि इस घटना में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी, जिसमें मौजूदा टेस्ट कप्तान पैट कमिंस भी थे। इसके बाद से ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में काफी हलचल देखने को मिल रही है, जिसके चलते कमिंस को भी सामने आकर मीडिया में अपना बयान जारी करना पड़ा था। वहीं कमिंस की कप्तानी को लेकर भी संशय की स्थिति देखने को मिल रही थी, जिसको लेकर अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से आधिकारिक बयान जारी करते हुए इस पूरी स्थिति को साफ किया गया है।
पैट कमिंस के साथ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अध्यक्ष डेविड बून और CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने 20 नवंबर को सैंडपेपरगेट मामले की चल रही चर्चा के बीच में पैट कमिंस से सिडनी में मुलाकात की जिसमें उन्होंने कई मामलों पर चर्चा करने के साथ न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज को लेकर भी बात की। कमिंस से मुलाकात के बात क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अध्यक्ष डेविड बून ने कहा कि हम इस बेहद मुश्किल दौर में पूरी लगन और धैर्य के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को आगे ले जाने, सभी की बातें सुनने और उनसे सीखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने इस हफ्ते एक स्वतंत्र फोरम की घोषणा की थी। बोर्ड सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को प्रोत्साहित करता है कि वह वहां आएं और अपनी बातें साझा करें। हम जल्द ही इसके नियम और शर्तें जारी करेंगे। हमने पैट कमिंस को अपना समर्थन दिया है और 2018 के साउथ अफ्रीका दौरे की घटनाओं से प्रभावित सभी लोगों के प्रति अपनी चिंता जताई है। हम इस तरह के किसी भी आरोप को पूरी तरह खारिज करते हैं कि पैट की ईमानदारी या साख पर कोई आंच आई है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान होना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है
पैट कमिंस ने डेविड बून और टॉड ग्रीनबर्ग से मुलाकात के बाद दिए अपने बयान में कहा कि मेरे लिए उनसे बात करना काफी मायने रखता है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान होना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मैंने इसे कभी हल्के में नहीं लिया है और न ही कभी लूंगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इन मुश्किल हालात से बाहर निकालना डेविड और टॉड के लिए एक बहुत कठिन काम है। मैं उनकी तारीफ करता हूं कि उन्होंने मुझसे और 2018 के दौरे से जुड़े कई खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के सदस्यों से संपर्क किया। मैं इस फोरम का 100 प्रतिशत समर्थन करता हूं जिसमें मैं वहां मौजूद रहूंगा। जिन भी खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों से मेरी बात हुई है, वह सभी वहां जाकर अपनी बात रखने के लिए उत्सुक हैं। वहां कई मुश्किल बातचीत होंगी, लेकिन अभी यही जरूरी है। इसके अलावा अब मेरा पूरा ध्यान पर्थ में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करने पर होगा, जो मेरी जिम्मेदारी भी है।



