Wednesday, September 30, 2026

नानकमत्ता में घर में घुसकर मारपीट का आरोप, तलवार के हमले में बग्गा सिंह गंभीर; जसविंदर की नाक की हड्डी टूटी, राजेश के सिर में आए टांके

Must Read

ऊधमसिंह नगर। नानकमत्ता थाना क्षेत्र के चैतुआखेड़ा गांव में 27 सितंबर 2026 की शाम मारपीट और जानलेवा हमले का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुस आए और बग्गा सिंह के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें अपने घर की ओर ले गए। वहां कथित तौर पर तलवार से हमला किया गया, जिससे बग्गा सिंह के सिर में गंभीर चोट आई और कान भी कट गया। घटना के बाद उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना 27 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। शिकायत में कुलवंत सिंह, राजू सिंह, सुरजीत कौर, जगीर सिंह, गुरमीत कौर, एक अन्य राजू सिंह और गुरदेव सिंह समेत कई लोगों के घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कुछ लोगों के हाथों में तलवार, चाकू, पाटल, लाठी, रॉड और डंडे थे, जबकि एक व्यक्ति के पास 12 बोर की बंदूक होने की बात भी शिकायत में कही गई है।

शिकायत के मुताबिक बग्गा सिंह को बचाने के लिए जसविंदर सिंह और अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि जसविंदर सिंह की आंख और नाक पर डंडे से वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। पीड़ित पक्ष का दावा है कि जसविंदर सिंह की नाक की हड्डी टूट गई है और आंख में गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उन्हें दिखाई देने में भी परेशानी हो रही है।

इसी दौरान बग्गा सिंह के मकान के निर्माण कार्य में मजदूरी करने पहुंचे राजेश सिंह ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने राजेश सिंह के सिर पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और टांके लगाने पड़े। पीड़ित पक्ष के अनुसार तीनों घायलों में बग्गा सिंह और जसविंदर सिंह की स्थिति अधिक गंभीर बताई जा रही है।

प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि तीनों घायलों को कई लोगों ने चारों तरफ से घेर लिया था और जान से खत्म करने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि हमले के दौरान आरोपित पक्ष की ओर से यह भी कहा गया कि इन लोगों को खत्म कर दो, क्योंकि ये लोग कथित रूप से नशे के कारोबार में बाधा डाल रहे हैं। हालांकि नशे के कारोबार से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए उपचिकित्सालय खटीमा ले जाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किए जाने की बात कही है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे भय के माहौल में हैं और उन्हें आरोपित पक्ष से भविष्य में भी नुकसान की आशंका है।

पीड़ित कुलवंत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी चैतुआखेड़ा ने 28 सितंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर और थाना नानकमत्ता में प्रार्थना पत्र देकर मामले में उचित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने, आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा घायलों और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन के साथ तीनों घायलों की मेडिकल रिपोर्ट भी संलग्न किए जाने की बात कही गई है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के संबंध में विभिन्न स्तरों पर आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें अपेक्षित सुनवाई नहीं मिली है। उनका कहना है कि गंभीर चोटों और लगातार मिल रही कथित धमकियों के बीच परिवार बेहद परेशान है। अब पीड़ित पक्ष ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

घर बनाना होगा और महंगा, सितंबर में ₹7 प्रति बोरी महंगी हुई सीमेंट; अक्टूबर में ₹20 तक बढ़ सकते हैं दाम: रिपोर्ट

सितंबर में सीमेंट की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब अक्टूबर में भी घर बनाने वालों को झटका लग...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img