Friday, November 20, 2026

10 साल से प्रताड़ना का आरोप, अश्लील वीडियो वायरल करने और तेजाब डालने की धमकी से परेशान होकर दिव्या मुंदलानी ने बेचा मकान

Must Read

इंदौर। शहर में पड़ोसियों के बीच विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। दिव्या हुन्दलानी और उनके पति पवन हुन्दलानी ने काजल कुकरेजा, अनीता बत्रा और उनके बेटे अजय बत्रा पर करीब 10 वर्षों से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, अश्लील टिप्पणियां करने, सोशल मीडिया पर बदनाम करने, पीछा करने और तेजाब डालने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। दंपती का आरोप है कि लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उन्हें अपना पुराना मकान तक बेचना पड़ा और दूसरी जगह रहने जाना पड़ा। हालांकि, स्थान बदलने के बाद भी उनकी परेशानी खत्म नहीं हुई।

दिव्या हुन्दलानी और पवन हुन्दलानी, निवासी शिवधाम कॉलोनी, खंडवा रोड, इंदौर ने 30 सितंबर 2022 को तेजाजी नगर पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के अनुसार, जब दंपती पार्श्वनाथ कॉलोनी, आरटीओ रोड क्षेत्र में रहते थे, तब उनके पड़ोस में काजल कुकरेजा, अनीता बत्रा और उनके परिजन रहते थे।

बिजली के कनेक्शन को लेकर शिकायत के बाद बढ़ा विवाद

दिव्या हुन्दलानी का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा कई दिनों तक उनके घर के बिजली कनेक्शन से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस संबंध में आपत्ति और शिकायत करने के बाद विवाद बढ़ गया। उनका आरोप है कि अनीता बत्रा के बेटे अजय बत्रा ने कथित तौर पर उनके घर की चाबी अनुचित तरीके से हासिल कर कई बार घर में प्रवेश किया और वहां रखे दस्तावेज तथा निजी सामान निकाल लिए।

पति-पत्नी के खिलाफ अश्लील टिप्पणियां करने का आरोप

दिव्या हुन्दलानी का आरोप है कि काजल कुकरेजा आसपास के लोगों को फोन कर उनके और उनके पति पवन हुन्दलानी के बारे में अश्लील तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां करती थीं। दंपती का कहना है कि इस तरह कथित तौर पर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

हिडन कैमरे से निजी वीडियो बनाने और वायरल करने का आरोप

शिकायत में दिव्या हुन्दलानी ने आरोप लगाया है कि काजल कुकरेजा ने कथित तौर पर हिडन कैमरे लगाकर उनके निजी वीडियो बनाए। आरोप है कि इन वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप दिया गया और लोगों के बीच प्रसारित किया गया। दिव्या का कहना है कि इस घटनाक्रम के कारण उन्हें सामाजिक अपमान और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।

पीछा करने और तेजाब डालने की धमकी देने का आरोप

दिव्या हुन्दलानी ने आरोप लगाया कि घर से बाहर निकलने पर उनके साथ अभद्र टिप्पणियां की जाती थीं। अजय बत्रा अपने साथियों के साथ कथित तौर पर उनका पीछा करता था और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें साझा कर बदनाम करने की कोशिश करता था। दंपती का आरोप है कि उन्हें जान से मारने और तेजाब डालने जैसी धमकियां भी दी गईं। पवन हुन्दलानी के साथ भी कथित तौर पर अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया।

प्रताड़ना से परेशान होकर बेचना पड़ा पुराना मकान

दिव्या हुन्दलानी और पवन हुन्दलानी का कहना है कि लगातार विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर उन्हें पार्श्वनाथ कॉलोनी स्थित अपना पुराना मकान बेचकर शिवधाम कॉलोनी, खंडवा रोड में रहने आना पड़ा। उन्हें उम्मीद थी कि जगह बदलने के बाद विवाद समाप्त हो जाएगा, लेकिन उनका आरोप है कि इसके बाद भी संबंधित लोग आसपास के लोगों को फोन कर उनके बारे में गलत बातें फैलाते हैं और व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।

पुलिस में शिकायत के बाद भी राहत नहीं मिलने का आरोप

दंपती का कहना है कि उन्होंने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायत रखी, लेकिन उन्हें अब तक ऐसी कार्रवाई और सुरक्षा नहीं मिल सकी है जिससे वे खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। उनका आरोप है कि करीब एक दशक से जारी कथित प्रताड़ना ने उनके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को प्रभावित किया है।

निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग

दिव्या हुन्दलानी और पवन हुन्दलानी ने पुलिस प्रशासन से शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने, कथित अश्लील वीडियो बनाने और प्रसारित करने के मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

दंपती का कहना है कि वे लंबे समय से मानसिक तनाव, अपमान और भय के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। अब उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक, सिंधु जल समझौते को लेकर दी थी हाथ काटने की धमकी

नई दिल्ली में होने वाले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग में शामिल होने के लिए पाकिस्तान की तरफ से मुसादिक मलिक...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img