Wednesday, July 29, 2026

चुटकी बजाकर बल्लेबाज को आउट कराने के आरोप से इंग्लैंड में मचा बवाल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा

Must Read

इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट में क्लिकी पोंटिंग विवाद से बवाल मचा हुआ है। इससे जुड़ी एक घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है। नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्रिकेट में गेंदबाजों की अपील, बल्लेबाजों की चालाकी और फील्डरों की चतुराई अक्सर चर्चा में रहती है, लेकिन इंग्लैंड के क्लब क्रिकेट से सामने आया एक मामला हर किसी को हैरान कर रहा है। यहां एक खिलाड़ी पर आरोप लगा है कि उसने बल्लेबाज के बल्ले से गेंद लगने का भ्रम पैदा करने के लिए चुटकी बजाने की आवाज निकाली, ताकि अंपायर उसे आउट दे दें। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर अब यह मामला क्लिकी पोंटिंग के नाम से वायरल हो गया है।
यह विवाद 25 जुलाई 2026 को इंग्लैंड की नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग के डिवीजन-2 मुकाबले से जुड़ा है। आरोप है कि सॉल्टबर्न क्रिकेट क्लब के फील्डर ब्रायन डिवाइन ने गेंद के बल्ले के पास से गुजरते समय चुटकी बजाई। उसी दौरान विकेटकीपर ने कैच लपक लिया और ऐसा लगा जैसे गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई हो। लोकल लीग के मैचों में DRS या स्निकोमीटर जैसी तकनीक मौजूद नहीं होती। ऐसे में अंपायर अपने देखने और सुनने के आधार पर फैसला लेते हैं। आरोप है कि चुटकी बजाने की आवाज ने बल्ले से एज लगने का भ्रम पैदा किया, जिससे अंपायर प्रभावित हो सकते थे।

लीग ने शुरू की जांच
ये मामला सामने आने के बाद नॉर्थ यॉर्कशायर एंड साउथ डरहम क्रिकेट लीग ने इसकी औपचारिक जांच शुरू कर दी है। लीग ने बयान जारी कर कहा कि 25 जुलाई के डिवीजन-2 मैच से जुड़ी शिकायत मिली है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक इस पर कोई अतिरिक्त टिप्पणी नहीं की जाएगी।

यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होते ही क्रिकेट फैंस ने ब्रायन डिवाइन को मजाकिया अंदाज में क्लिकी पोंटिंग कहना शुरू कर दिया। यह नाम ऑस्ट्रेलिया के महान पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग के नाम से प्रेरित है। पोंटिंग के साथ क्लिकी जोड़कर यूजर्स ने इस कथित घटना को लेकर मीम्स और वीडियो की बाढ़ ला दी। ब्रिटिश मीडिया के अनुसार, जब डेली मेल ने ब्रायन डिवाइन से इस मामले पर प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने जांच का हवाला देते हुए कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

पूरे सीजन में अपनाई गई थी यह तरकीब?
यह विवाद यहीं नहीं रुका। विरोधी टीम नॉर्टन के खिलाड़ी नोमान शबीर ने दावा किया कि चुटकी बजाने की यह कथित चाल सिर्फ एक मैच तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरे सीजन में कई बार अपनाई गई। इस विवाद के बाद सॉल्टबर्न के विकेटकीपर जोश बोव्स के आंकड़े भी चर्चा में आ गए। रिकॉर्ड के मुताबिक, उन्होंने पिछले आठ मैचों में 31 कैच लपके, जिनमें एक पारी में आठ कैच भी शामिल हैं।
दिलचस्प बात यह है कि टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा शिकार करने का रिकॉर्ड सात है। ऐसे में जोश बोव्स के आंकड़ों को लेकर भी सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे हैं। इतना ही नहीं, विवाद बढ़ने के बाद सॉल्टबर्न क्रिकेट क्लब की कई मैचों की लाइवस्ट्रीम भी कथित तौर पर क्लब की वेबसाइट से हटा दी गईं। अब सभी की नजर लीग की जांच रिपोर्ट पर है, जिससे तय होगा कि इस विवाद में कितनी सच्चाई है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

BMW में छंटनी! 2027 तक 8000 कर्मचारियों की जा सकती है नौकरी, ऑटो इंडस्ट्री में हड़कंप

दुनियाभर में ऑटोमोबाइल कंपनियां बदलते बाजार और बढ़ते कॉम्पिटिशन के बीच अपनी स्ट्रैटेजी में बड़े बदलाव कर रही हैं।...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img