भारत और अफगानिस्तान के बीच जारी टी20 सीरीज का दूसरा मैच आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया पहला मैच जीतकर सीरीज में बढ़त बना चुकी है, अब उसकी नजर इस पर कब्जा करने की है।
आज भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। सीरीज का पहला मैच जीतकर टीम इंडिया लीड बना चुकी है और अब उसकी कोशिश होगी कि आज ही सीरीज को अपने नाम किया जाए। वहीं अफगानिस्तान की टीम इस मैच को जीतकर सीरीज को बराबरी पर लाने की कोशिश करेगी। इस बीच आज का मैच कितने बजे शुरू होगा और इसे आप अपनी टीवी व मोबाइल पर कैसे देख पाएंगे, ये जान लीजिए। नहीं तो आपका मैच छूट भी सकता है।
आज शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा भारत बनाम अफगानिस्तान दूसरा टी20 मैच
भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरीज इस वक्त खेली जा रही है। तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला भारतीय टीम सात विकेट से जीत चुकी है। आज दूसरा मैच है, मैच के शुरू होने के वक्त की बात की जाए तो ये शाम को साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। इससे आधे घंटे पहले यानी सात बजे टॉस होगा। अगर मौसम ठीक रहा तो ठीक साढ़े सात बजे पहली बॉल डाल दी जाएगी। मैच करीब 11 बजे तक चल सकता है।
भारत बनाम अफगानिस्तान टी20 सीरीज का मैच सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क और फैनकोड एप पर देखें लाइव
इसके बाद मैच को लाइव देखने की बात भी समझ लीजिए। इस सीरीज के टेलीकास्ट राइट्स सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास है। यानी सोनी स्पोर्ट्स के कई टीवी चैनलों पर मैच को लाइव देखा जा सकता है। लेकिन ये बात ध्यान रखिएगा कि मोबाइल पर आप सोनी लिव एप पर मैच नहीं देख पाएंगे। इसके लिए आपको फैन कोड एप पर जाना होगा। ये एक अहम बात है। साथ ही ये भी याद रखिएगा कि स्टार स्पोर्ट्स और जियो हॉट स्टार पर मैच लाइव नहीं देखा जा सकेगा। ये सीरीज हो भले ही भारत में रही हो, लेकिन इसकी मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड कर रही है।
भारतीय टीम का पूरा स्क्वॉड: संजू सैमसन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वैभव सूर्यवंशी, वाशिंगटन सुंदर, यश ठाकुर, रवि बिश्नोई।
अफगानिस्तान का पूरा स्क्वॉड: रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेट कीपर), इब्राहिम जादरान (कप्तान), सेदिकुल्लाह अटल, गुलबदीन नायब, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान, नूर अहमद, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी, नवीन-उल-हक, नांगेयालिया खरोटी, अब्दुल्ला अहमदजई, नूर उल रहमान।



