स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज पर हमला किया गया है। इस हमले में 11 भारतीय चालक दल के सदस्य घायल हो गए। भारत के विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा की है।
ओमान के तट के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (Strait of Hormuz) से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले एक कमर्शियल जहाज MT On Peace पर मंगलवार को प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ। इस हमले में जहाज पर सवार 12 क्रू मेंबर घायल हुए, जिनमें 11 भारतीय मूल के हैं। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इसकी जानकारी दी।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस जहाज पर कुल 19 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें से 17 भारतीय नागरिक हैं। हमले के बाद ओमान के अधिकारियों और तटरक्षक बलों की सहायता से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायल क्रू मेंबर्स को जहाज से सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए ओमान के खासाब शहर में भर्ती कराया गया है। भारत सरकार ने इस त्वरित सहायता के लिए ओमान प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
भारत ने की हमले की निंदा
भारत ने कमर्शियल जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। MEA ने कहा कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए। भारत ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की अपील की है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से नौवहन और व्यापार को जल्द से जल्द सामान्य करने की भी मांग की है।
इससे पहले भारत आ रहे कमर्शियल जहाज पर ओमान के पास हुआ था हमला
इससे पहले, ओमान के पूर्वी तट के पास भारत आ रहे कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर 23 सितंबर को हमला हुआ था, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया। भारतीय दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया था कि वह ओमानी अधिकारियों के संपर्क में है और सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए समन्वय कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए कहा था कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और क्षेत्र में सुरक्षित और निर्बाध नौवहन एवं व्यापार जल्द बहाल किया जाना चाहिए। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी वाइपर सूरज यादव के रूप में की थी। यूनियन के अनुसार, जहाज पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया था।
BRICS शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संकट के समय नाविकों की मदद के लिए ‘Seafarers’ Emergency Support Network’ बनाने का प्रस्ताव दिया था। उन्होंने कहा था कि वैश्विक व्यापार में नाविकों की अहम भूमिका है, इसलिए संकट के दौरान उनकी सुरक्षा और मदद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।



