Wednesday, November 25, 2026

कार्तिगई दीपम विवाद पर विजय सरकार को BJP की चेतावनी, BL संतोष बोले- सभ्यतागत और कानूनी लड़ाई तय!

Must Read

पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने को लेकर बीजेपी ने मुख्यमंत्री विजय की सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी का आरोप लगाया है। बीजेपी नेता बीएल संतोष ने चेतावनी दी है कि सरकार को इस मामले में कानूनी और सभ्यतागत चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम (Karthigai Deepam) उत्सव के दौरान दीप जलाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष ने इस मुद्दे पर TVK के नेतृत्व वाली मुख्यमंत्री विजय की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदुरै के जिला प्रशासन ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश की अवहेलना करते हुए तिरुपरनकुंद्रम स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ के बजाय उच्छिपिल्लैयार मंडपम में दीप जलाया।
बीएल संतोष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली सरकार को इस मामले में सभ्यतागत और कानूनी, दोनों तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मदुरै के जिला मजिस्ट्रेट, जो तमिलनाडु सरकार का हिस्सा हैं, ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के विपरीत काम किया।

संतोष ने अपनी पोस्ट में लिखा, “तमिलनाडु सरकार के हिस्से मदुरै के डीएम ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की और दीपथून पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने के निर्देश के बजाय उच्छिपिल्लैयार मंडपम में कार्तिगई दीपम जलाया
गठबंधन सहयोगियों को खुश करने का लगाया आरोप
बीजेपी नेता ने विजय सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने गठबंधन सहयोगियों को खुश करने के लिए दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया।

संतोष ने अपनी एक अन्य पोस्ट में लिखा कि सरकार ने कुछ राजनीतिक सहयोगियों को खुश करने के लिए श्रद्धालुओं को निराश किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कानून मंत्री की जिम्मेदारी संभालने वाली सरकार की ओर से ही कथित तौर पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की जा रही है।

तमिलनाडु के कई शहरों में प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिए प्रदर्शनकारी
दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने के विरोध में तमिलनाडु के कई हिस्सों में विभिन्न हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम निर्देशों का पालन करने और निर्धारित स्थान पर दीप जलाने की मांग की। रामनाथपुरम में हिंदू फ्रंट के सदस्यों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम किया। सुरक्षा के लिए तैनात केनिकराई पुलिस ने सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

वहीं, पोल्लाची में हिंदू मुन्नानी के कार्यकर्ताओं ने महा कार्तिगई दीपम उत्सव के मौके पर शहर के मध्य हिस्से में सड़क जाम कर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हिंदू मुन्नानी, बीजेपी और विश्व हिंदू परिषद समेत कई संगठन पिछले साल से ही इस मुद्दे और अदालती आदेशों के पालन की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से अदालत के आदेश का सम्मान करने और तय समय के भीतर दीप जलाने के लिए कदम उठाने की मांग की। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई, जिससे पोल्लाची के मध्य इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया मां नर्मदा सेवा परिक्रमा का शुभारंभ, बताया जन्म-मरण का रहस्य

सीएम मोहन यादव ने मां नर्मदा की पूजा की। सीएम ने प्रदेश की खुशहाली की प्रार्थना की। सीएम ने...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img