Friday, September 11, 2026

3 बिल्लियां पालने वाले भारतवंशी का अमेरिका में जलवा, अमीश शाह ने एरिजोना से जीती डेमोक्रेटिक प्राइमरी

Must Read

भारतीय मूल के डॉक्टर अमीश शाह ने एरिजोना की फर्स्ट कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीत ली है। अब नवंबर में उनका मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार जे फीली से होगा। मेडिकल सर्विस और सामाजिक कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले शाह 3 पालतू बिल्लियां भी रखते हैं।
भारतीय मूल के अमीश शाह ने एरिजोना की डेमोक्रेटिक प्राइमरी में बड़ी जीत दर्ज की।
अब नवंबर चुनाव में ट्रंप समर्थित रिपब्लिकन उम्मीदवार जे फीली से सीधा मुकाबला होगा।
डॉक्टर और समाजसेवी अमीश शाह ने घर-घर जाकर लोगों का भरोसा जीता।
वॉशिंगटन: भारतीय मूल के अमेरिकी नेता अमीश शाह ने अमेरिका के एरिजोना राज्य की फर्स्ट कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से डेमोक्रेटिक पार्टी की प्राइमरी जीत ली है। मॉडरेट डेमोक्रेट माने जाने वाले अमीश शाह ने इस मुकाबले में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समर्थन वाली उम्मीदवार और पूर्व टीवी पत्रकार मार्लीन गैलन-वुड्स को हराया। अब नवंबर में होने वाले अमेरिकी कांग्रेस (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के चुनाव में अमीश शाह का मुकाबला रिपब्लिकन उम्मीदवार और पूर्व NFL किकर जे फीली से होगा। जे फीली को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है।
लोगों से कनेक्ट कर जीत ली प्राइमरी
अमीश शाह पेशे से इमरजेंसी मेडिसिन डॉक्टर हैं और एरिजोना विधानसभा के 3 बार सदस्य भी रह चुके हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से संपर्क किया और करीब 28,000 घरों तक पहुंचकर अपनी बात रखी। उनकी इसी जनसंपर्क शैली को उनकी जीत की बड़ी वजह माना जा रहा है। मार्लीन गैलन-वुड्स को डेमोक्रेटिक कांग्रेसनल कैंपेन कमेटी का समर्थन मिला था। उनकी हार के साथ इस साल DCCC समर्थित उम्मीदवारों की यह तीसरी हार है। इससे पहले कैलिफोर्निया में जसमीत बैंस और मेन में जो बाल्डाची भी प्राइमरी चुनाव हार चुके हैं।
कभी साथ-साथ थे शाह और फीली
दिलचस्प बात यह है कि आज राजनीतिक रूप से आमने-सामने खड़े अमीश शाह और जे फीली का पुराना पेशेवर संबंध भी रहा है। अमीश शाह कभी न्यूयॉर्क जेट्स फुटबॉल टीम के डॉक्टर थे और खिलाड़ियों को आपातकालीन मेडिकल सर्विस देते थे। उस समय जे फीली इसी टीम के लिए किकर के रूप में खेलते थे।

जैन पिता, हिंदू माता की संतान हैं शाह
अमीश शाह का जन्म अमेरिका के शिकागो शहर में उन गुजराती माता-पिता के घर हुआ, जो 1960 के दशक में भारत से अमेरिका जाकर बसे थे। उनके पिता जैन और माता हिंदू हैं। उन्होंने नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की और वहीं के मेडिकल स्कूल के ऑनर्स प्रोग्राम इन मेडिकल एजुकेशन के तहत मेडिकल की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्हें यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, बर्कले से मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ करने के लिए फुल मेरिट स्कॉलरशिप मिली। आगे उन्होंने न्यूयॉर्क शहर के सबसे व्यस्त लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर में इमरजेंसी मेडिसिन की रेजिडेंसी पूरी की।

‘मतदाताओं ने अपनी आवाज बुलंद की’
प्राइमरी जीतने के बाद अमीश शाह ने कहा,

‘यह जीत पूरी तरह जमीनी स्तर की जीत है। एरिजोना के मतदाताओं ने अपनी आवाज बुलंद की है। अब मेरी जिम्मेदारी है कि मैं इस जिले के हर मतदाता का विश्वास जीतूं, चाहे वे डेमोक्रेट हों जिन्होंने किसी दूसरे उम्मीदवार को वोट दिया हो, राजनीतिक व्यवस्था से नाराज निर्दलीय हों या फिर देश की मौजूदा स्थिति से निराश रिपब्लिकन मतदाता।’

यह लगातार दूसरा मौका है जब अमीश शाह ने इस जिले से डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीती है। इससे पहले उन्होंने 2024 में भी पार्टी की प्राइमरी जीती थी, लेकिन आम चुनाव में रिपब्लिकन नेता डेविड श्वाइकर्ट से 4 प्रतिशत अंकों के अंतर से हार गए थे।

अमीश शाह ने पाली हुई हैं 3 बिल्लियां
मेडिकल सर्विस के अलावा शाह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। उन्होंने लोगों में स्वस्थ खानपान को बढ़ावा देने और बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एरिजोना वेजिटेरियन फूड फेस्टिवल की शुरुआत की। वह साउंड्स अकादमी और ह्यूमेन सोसाइटी ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स सहित कई सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हैं, जो बच्चों को कला से जोड़ने और पशुओं व समाज के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का काम करती हैं। अमीश शाह को बास्केटबॉल खेलना, छोटे विमान उड़ाना और रोमांचक यात्राएं करना पसंद है। वह अच्छी गुजराती बोलते हैं और स्पेनिश भी बोल लेते हैं। उन्होंने 3 बिल्लियां पाली हैं जिनके नाम हिलेरी, मिस म्याओर्सन और कजिन ओलिवर हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

भारत बनाम पाकिस्तान फाइनल मुकाबले का मंच लगभग तैयार, बीच में अभी एक रोड़ा

एशिया कप का फाइनल भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जा सकता है। लेकिन इसका आखिरी फैसला आज होगा,...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img