RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती कि भारत तरक्की करे, क्योंकि वे केवल अपनी ताकत और वर्चस्व बनाए रखना चाहते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत तरक्की करे। वैश्विक शक्तियां अपना वर्चस्व बनाए रखना चाहती हैं और दूसरे देशों को दबाव में रखना चाहती हैं। उनका मानना है कि दुनिया में ‘जिसकी लाठी उसकी भैंस’ यानी ताकतवर ही टिकता है का सिद्धांत चलता है।
भागवत महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पांचवें पद्मा महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे। तीन दिवसीय इस महोत्सव का आयोजन स्थानीय संस्था ज्ञानयज्ञ फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के पद्म पुरस्कार विजेता लोगों से संवाद करेंगे।
भारत सभी की मदद करना चाहता है: मोहन भागवत
मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां अपना दबदबा बनाए रखना चाहती हैं। उन्हें लगता है कि अगर भारत आगे बढ़ा तो उनकी दुकानें बंद हो जाएंगी, क्योंकि भारत सभी की मदद करने में विश्वास रखता है। उन्होंने कहा, “दुनिया की कोई ताकत नहीं चाहती कि भारत प्रगति करे। वे केवल अपनी ताकत और वर्चस्व बनाए रखना चाहते हैं। भारत सभी की मदद करना चाहता है। यहां तक कि भारत उन पड़ोसी देशों की भी सहायता करता है, जो उससे नफरत करते हैं।”
“युवा पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त है”
RSS प्रमुख ने देश की युवा पीढ़ी की सोच पर भी बात की। उन्होंने कहा कि आज का युवा गुलामी के प्रभाव से मुक्त है। अगर कोई व्यक्ति ईमानदारी से अपनी बात रखता है तो युवा उसके साथ खड़े होने को तैयार रहते हैं। भागवत के मुताबिक, युवा झूठ पसंद नहीं करते और अपने देश को महान बनाना चाहते हैं।
विकसित भारत का सपना पूरा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी: अनिल चौहान
कार्यक्रम में पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका होगी। युवा न केवल इस लक्ष्य को पूरा करने में सबसे बड़ा योगदान देंगे, बल्कि इसके सबसे बड़े लाभार्थी भी होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना पूरा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। इसके लिए हमें अपनी पिछली सफलताओं से सीखना होगा और अपनी बौद्धिक क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करना होगा।
“आंतरिक खतरे कहीं ज्यादा खतरनाक”
जनरल अनिल चौहान ने मौजूदा वैश्विक सुरक्षा हालात को संवेदनशील बताते हुए कहा कि दुनिया में शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है। कोई भी विकसित देश नहीं चाहेगा कि भारत एक सफल, विकसित और प्रभावशाली राष्ट्र बने। ऐसे में भारत के विकास के रास्ते में बाधाएं पैदा की जा सकती हैं। उन्होंने कहा, “अगर हम मौजूदा वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य को देखें तो स्थिति संवेदनशील है और दुनिया में शक्ति संतुलन बदल रहा है। विकसित देश भारत को सफल और प्रभावशाली राष्ट्र बनते हुए नहीं देखना चाहेंगे। वे हमारी राह में बाधाएं खड़ी कर सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “लेकिन बाहरी खतरों की तुलना में आंतरिक खतरे कहीं ज्यादा खतरनाक होते हैं।



