Monday, November 23, 2026

न सौरभ राज जैन, न महेश बाबू तो कौन हैं ‘रामायण’ के भगवान विष्णु? रणबीर कपूर की फिल्म में छाया पर्दे के पीछे का जादूगर

Must Read

फिल्म ‘रामायण’ में भगवान विष्णु का किरदार निभाने वाले प्रणेश सुव्वारी चर्चा में हैं। DNEG की डायरेक्शन टीम से जुड़े प्रणेश ने मोशन कैप्चर तकनीक से यह भूमिका निभाई है। उन्हें अभिनय और वीएफएक्स का अनुभव भी है।
रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ रिलीज के बाद से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म की भव्यता, शानदार विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर दर्शकों के बीच खूब बातें हो रही हैं। फिल्म में राम, सीता, रावण और हनुमान जैसे प्रमुख किरदारों के साथ-साथ कई ऐसे पात्र भी हैं, जिनकी मौजूदगी कहानी को खास बनाती है। हालांकि इस बार चर्चा फिल्म के किसी बड़े सितारे की नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाले एक ऐसे शख्स की हो रही है, जिसने भगवान विष्णु का किरदार निभाया है। इनका नाम प्रणेश सुव्वारी है। पहले चर्चाएं थी कि इस किरदार को सौरभ राज जैन, दिलचस्प बात यह है कि प्रणेश फिल्म की डायरेक्शन टीम से जुड़े हुए हैं और उन्होंने मोशन कैप्चर तकनीक के जरिए इस पौराणिक किरदार को पर्दे पर उतारने में योगदान दिया है।
कौन हैं प्रणेश सुव्वारी, कैसे सामने आया उनका नाम?
दरअसल, फिल्म से जुड़े कुछ बिहाइंड द सीन्स वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद प्रणेश सुव्वारी का नाम चर्चा में आया। इन विजुअल्स में भगवान विष्णु के किरदार के लिए मोशन कैप्चर परफॉर्मेंस करते हुए एक कलाकार दिखाई दिया। इसके बाद 12 नवंबर 2026 को रेडिट पर भी एक पोस्ट शेयर की गई, जिसमें दावा किया गया कि फिल्म की डायरेक्शन टीम से जुड़े किसी सदस्य ने मोशन कैप्चर तकनीक के माध्यम से विष्णु का किरदार निभाया है। इसके बाद ऑनलाइन चर्चाओं में प्रणेश सुव्वारी का नाम सामने आया। IMDb की कास्ट लिस्टिंग में भी उन्हें भगवान विष्णु के किरदार के लिए क्रेडिट दिया गया है। ऐसे में इस जानकारी को उपलब्ध ऑनलाइन क्रेडिट और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों के आधार पर ही देखा जाना चाहिए।
रामायण’ में क्या है प्रणेश सुव्वारी की भूमिका?
प्रणेश सुव्वारी के लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक वह विजुअल इफेक्ट्स और एनिमेशन कंपनी DNEG से जुड़े हुए हैं। इस कंपनी ने ‘रामायण’ के विजुअल इफेक्ट्स पर काम किया है। प्रणेश यहां जूनियर डायरेक्टर असिस्टेंट के तौर पर काम करते हैं। फिल्म में उनकी जिम्मेदारियों में असिस्टेंट डायरेक्शन, आर्ट कोऑर्डिनेशन और वीएफएक्स कोऑर्डिनेशन जैसे काम शामिल हैं। इससे साफ है कि उनका जुड़ाव केवल अभिनय तक सीमित नहीं है, बल्कि वह फिल्म के निर्माण से जुड़े कई अहम विभागों में भी योगदान दे रहे हैं। एक तरफ वह पर्दे के पीछे रहकर डायरेक्शन टीम की जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ मोशन कैप्चर के जरिए भगवान विष्णु जैसे महत्वपूर्ण किरदार को जीवंत करने में भी उनकी भूमिका सामने आई है।

एनीमेशन से एक्टिंग तक की है ट्रेनिंग
प्रणेश सुव्वारी की शैक्षणिक और प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी काफी दिलचस्प है। उन्होंने मुंबई के व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल से एनीमेशन फिल्ममेकिंग की पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने बैरी जॉन एक्टिंग स्टूडियो और अनुपम खेर के एक्टर्स प्रिपेयर्स से अभिनय की ट्रेनिंग भी हासिल की है। उनकी प्रोफाइल में नाट्यकिरण मंच से थिएटर प्रशिक्षण का भी जिक्र है। इतना ही नहीं अप्रैल 2026 में उन्होंने लंदन की प्रतिष्ठित रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट (RADA) से एक्टिंग फॉर कैमरा कोर्स भी पूरा किया। इस तरह प्रणेश के पास एनीमेशन, थिएटर, कैमरा एक्टिंग और फिल्म निर्माण से जुड़ा अनुभव है। यही विविध प्रशिक्षण उन्हें अभिनय और तकनीकी काम, दोनों क्षेत्रों में योगदान देने का अवसर देता है।
फ्यूरियोसा’ और ‘सिटाडेल’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी किया काम
प्रणेश सुव्वारी का अनुभव केवल ‘रामायण’ तक सीमित नहीं है। उनकी प्रोफाइल में ‘फ्यूरियोसा’, अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज ‘सिटाडेल’ और एप्पल की वॉर ड्रामा सीरीज ‘मास्टर्स ऑफ द एयर’ जैसे प्रोजेक्ट्स का भी जिक्र मिलता है। इन प्रोजेक्ट्स के साथ उनका जुड़ाव फिल्म और टेलीविजन निर्माण के अलग-अलग पहलुओं को समझने का मौका देता है। उनका एक पुराना सोशल मीडिया पोस्ट भी इन दिनों चर्चा में है। अप्रैल 2025 में WAVES समिट के दौरान उन्होंने डीएनईजी के बूथ पर मोशन कैप्चर तकनीक के जरिए रावण का किरदार निभाने का अनुभव साझा किया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें कंपनी की टीम की ओर से विकसित इस तकनीक को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

क्या है मोशन कैप्चर तकनीक, जिससे पर्दे पर जीवंत होते हैं किरदार?
मोशन कैप्चर एक ऐसी आधुनिक तकनीक है, जिसका इस्तेमाल फिल्मों में डिजिटल किरदार तैयार करने के लिए किया जाता है। इसमें कलाकार के शरीर की गतिविधियों, हाव-भाव और चेहरे के एक्सप्रेशन को रिकॉर्ड किया जाता है। इसके बाद इन मूवमेंट्स को कंप्यूटर के जरिए डिजिटल कैरेक्टर पर लागू किया जाता है। इससे काल्पनिक या पौराणिक पात्रों को भी वास्तविक इंसानों जैसी गतिविधियां और भावनाएं दी जा सकती हैं। बड़े बजट की फिल्मों में इस तकनीक का इस्तेमाल काफी महत्वपूर्ण हो गया है। खासतौर पर ऐसी फिल्मों में जिनमें विशालकाय किरदारों, पौराणिक दुनिया और भव्य युद्ध दृश्यों को दिखाना होता है। ‘रामायण’ जैसी फिल्म में भी विजुअल इफेक्ट्स और मोशन कैप्चर की अहम भूमिका है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट कब खेला जाएगा, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त

पहला टेस्ट ड्रॉ होने के बाद अब भारत बनाम न्यूजीलैंड दूसरे टेस्ट की तैयारी भी शुरू हो गई है।...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img