Tuesday, November 24, 2026

मेरा दुख कम नहीं हो रहा’, धर्मेंद्र की मौत को हुए एक साल, खालीपन से दर्द में हेमा मालिनी, बोलीं- आत्मा अमर है

Must Read

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी ने भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें अपना सब कुछ बताया। उन्होंने पति की कमी, उनकी विनम्रता और प्रशंसकों के प्यार को याद करते हुए आभार जताया।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को दुनिया से विदा हुए एक साल बीत चुका है, लेकिन उनकी यादें आज भी परिवार और चाहने वालों के दिलों में ताजा हैं। धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपने जीवनसाथी को याद करते हुए बताया कि उनके जाने के बाद जिंदगी कितनी खाली हो गई है। हेमा ने धर्मेंद्र के साथ अपनी कुछ अनदेखी तस्वीरें भी शेयर कीं, जिनमें दोनों के बीच का प्यार और अपनापन नजर आ रहा है।
आप सिर्फ मेरे पति नहीं, मेरा पूरा अस्तित्व थे’
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करते हुए लिखा कि उन्हें इस अपूरणीय क्षति से उबरना आसान नहीं लग रहा है। उन्होंने धर्मेंद्र को सिर्फ अपना पति नहीं, बल्कि दोस्त, मार्गदर्शक और जीवन का सबसे मजबूत सहारा बताया। अभिनेत्री के मुताबिक धर्मेंद्र उनके लिए सब कुछ थे और उनका पूरा अस्तित्व उन्हीं से जुड़ा हुआ था। हेमा ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘मैं एक ऐसे व्यक्ति को खोने के अपार और अपूरणीय दुख से गुजर रही हूं, जो सिर्फ मेरे पति नहीं थे। वह मेरे सब कुछ थे। मेरे दोस्त, दार्शनिक और मार्गदर्शक, मेरी ताकत और संक्षेप में कहूं तो मेरा पूरा अस्तित्व थे।’ अभिनेत्री ने आगे बताया कि धर्मेंद्र के बिना जिंदगी बेहद खाली महसूस होती है। उनकी शख्सियत, अच्छाई और लोगों के प्रति उनका प्यार हमेशा याद आता रहेगा। हेमा ने कहा कि धर्मेंद्र ने अपने जीवन में अपार सफलता हासिल की, लेकिन इसके बावजूद वह हमेशा विनम्र और जमीन से जुड़े रहे। अपनी जड़ों से उनका जुड़ाव और हर किसी के प्रति उनका स्नेह उनकी सबसे खास खूबियों में शामिल था।
भगवद्गीता का जिक्र कर बयां किया अपना दर्द
अपने भावुक संदेश में हेमा मालिनी ने भगवद्गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि गीता में आत्मा को अमर बताया गया है और कहा गया है कि आत्मा का पुनर्जन्म होता है। वह इस आध्यात्मिक सत्य को समझती हैं, लेकिन इस जीवन में धर्मेंद्र की मौजूदगी को बहुत याद करती हैं। हेमा ने लिखा, ‘भगवद्गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होगा। मैं इस बात को जानती हूं, लेकिन मैं अभी इसी जीवन में हूं और उनकी प्यार भरी मौजूदगी को याद किए बिना नहीं रह सकती।’ उनके इस संदेश से साफ झलकता है कि धर्मेंद्र के साथ बिताए साल और उनकी यादें आज भी हेमा के लिए कितनी अनमोल हैं। सोशल मीडिया पर भी प्रशंसक इस पोस्ट पर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और दिवंगत अभिनेता को याद कर रहे हैं।

फैंस का जताया आभार, 1980 में हुई थी शादी
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को याद करने और उनके लिए प्यार भरे संदेश भेजने वाले लाखों प्रशंसकों का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोग आज भी धर्मेंद्र को एक उदार और प्यारे इंसान के रूप में याद कर रहे हैं। अभिनेत्री ने सभी फैंस को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके संदेशों ने इस मुश्किल समय में उन्हें भावनात्मक सहारा दिया है। बता दें कि धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने साल 1980 में शादी की थी। दोनों की दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में मुंबई स्थित उनके आवास पर उम्र संबंधी बीमारियों के चलते निधन हो गया था। अपने लंबे फिल्मी करियर में उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। आज उनकी पहली पुण्यतिथि पर परिवार के साथ-साथ उनके करोड़ों प्रशंसक भी उन्हें याद कर रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

TVK MLA जिला कलेक्टर को भेजता था अश्लील मैसेज, FIR दर्ज, तमिलनाडु पुलिस ने मद्रास HC को बताया

तमिलनाडु पुलिस ने मद्रास हाई कोर्ट को बताया कि कल्लाकुरिची से TVK विधायक अरुल विग्नेश के खिलाफ FIR दर्ज...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img