ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के ब्रेकअप की चर्चाओं के बीच भाई रुद्राक्ष ने कथित व्हाट्सऐप चैट शेयर की। इसमें अविनाश माफी मांगते दिखे, जिसके बाद विवाद और गहरा गया।
बिग बॉस 18′ के चर्चित कंटेस्टेंट ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा के रिश्ते में आई कथित दरार अब एक नए विवाद में बदलती नजर आ रही है। दोनों के ब्रेकअप और धोखे की खबरों के बीच ईशा के भाई रुद्राक्ष सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर एक कथित व्हाट्सऐप चैट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है। इस बातचीत में अविनाश मिश्रा अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। रुद्राक्ष के इस खुलासे के बाद दोनों एक्टर्स की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
ईशा के भाई ने शेयर किया चैट का स्क्रीनशॉट
रुद्राक्ष ने सोमवार 23 नवंबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अविनाश के साथ हुई कथित व्हाट्सऐप बातचीत का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया। इसमें रुद्राक्ष की ओर से भेजे गए कई वॉयस नोट्स के बाद अविनाश के टेक्स्ट मैसेज नजर आ रहे हैं। इन संदेशों में अविनाश अपनी गलती को स्वीकार करते हुए माफी मांगते दिखाई देते हैं। कथित चैट में अविनाश ने लिखा, ‘भाई, मैं जो कुछ भी किया है, उसका बचाव या उसे सही साबित नहीं कर सकता। यह मेरी बहुत बड़ी गलती थी। मुझे खुद पर शर्म आ रही है और आप जो कुछ भी कह रहे हैं, मैं उससे सहमत हूं। मैंने जो किया है, उसके लिए दिल से माफी मांगता हूं।’ इस स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए रुद्राक्ष ने अविनाश पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि 1 नवंबर को अविनाश खुद अपनी गलती स्वीकार कर रहे थे, लेकिन अब उन्हें कहानी को दूसरी दिशा में मोड़ने के लिए बेवफा गाने बजाने की हिम्मत कैसे हो रही है। उन्होंने आगे कहा, ‘लातों के भूत बातों से नहीं मानते।’
ईशा नहीं चाहतीं विवाद आगे बढ़े
रुद्राक्ष ने बाद में एक वीडियो मैसेज शेयर कर अपने परिवार का पक्ष भी रखा। उन्होंने बताया कि उनका परिवार किसी के खिलाफ नफरत फैलाना या विवाद को और बढ़ाना नहीं चाहता। ईशा भी इस पूरे मामले को पीछे छोड़कर अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहती हैं। वह इस स्थिति को समझदारी और परिपक्वता के साथ संभालना चाहती हैं। हालांकि रुद्राक्ष ने साफ किया कि वह अपनी बहन की चुप्पी को किसी के लिए कहानी बदलने का मौका नहीं बनने देना चाहते। उनके मुताबिक, उन्हें इस बात से परेशानी है कि बिना अपनी जिम्मेदारी स्वीकार किए कोई गाने बजाकर या सोशल मीडिया पर अलग संदेश देकर पूरे मामले का नैरेटिव बदलने की कोशिश करे। उन्होंने कहा, ‘मैं यह बर्दाश्त नहीं कर सकता कि कोई उसकी शांति का फायदा उठाए और जिम्मेदारी लिए बिना गाने बजाकर कहानी को पलटने की कोशिश करे। इसलिए मैंने स्क्रीनशॉट शेयर किया। अब आप इसे असली मानते हैं या नहीं, यह मेरी और उसकी चैट है।’
अविनाश ने बजाए थे बेवफा गाने
दरअसल कुछ दिन पहले अविनाश ने सोशल मीडिया पर ‘बेवफा निकली है तू’ और ‘दूरियां’ जैसे गाने बजाए थे। इसके बाद दोनों के रिश्ते में अनबन और ब्रेकअप की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि ईशा को अविनाश की कथित बेवफाई के बारे में पता चला, जिसके बाद उन्होंने रिश्ता खत्म करने का फैसला किया। यह भी कहा गया कि ईशा ने इंस्टाग्राम पर अविनाश को अनफॉलो कर दिया और उनके साथ की तस्वीरें हटा दीं। हालांकि दोनों की ओर से ब्रेकअप पर आधिकारिक बयान नहीं साझा किया। बीते दिनों ईशा की मां का वॉइस नोट भी वायरल हुआ, जिसमें कहा गया कि ईशा के साथ अविनाश ने चीटिंग की है, इस मामले के चूल पकड़ने के बाद अविनाश मिश्रा ने पोस्ट साझा करते हुए कहा कि प्राइवेसी बनी रहने दी जाए और उनकी पर्सनल लाइफ को उछाला न जाए। बाद में ईशा का भी पोस्ट सामने आया जिसमें बिना नाम लिए उन्होंने भी आरोप लगाए।
‘बिग बॉस 18’ में करीब आए थे ईशा और अविनाश
ईशा सिंह और अविनाश मिश्रा की नजदीकियां ‘बिग बॉस 18’ के दौरान बढ़ी थीं। शो में उनकी दोस्ती को लेकर डेटिंग की अटकलें लगने लगी थीं। शो खत्म होने के बाद भी दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया। अविनाश के ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ जीतने के बाद रखी गई पार्टी में भी दोनों का रिश्ता चर्चा में आया था। इस दौरान अविनाश ने ईशा के लिए अपने प्यार का इजहार करते हुए कहा था, ‘आई लव यू बेबी।’ ईशा ने भी जवाब में यही बात दोहराई थी। अब रुद्राक्ष के इस कथित चैट स्क्रीनशॉट ने उनके रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं को फिर हवा दे दी है।



