Tuesday, September 22, 2026

आगरा में विवाहिता ने पति समेत ससुराल वालों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी के आरोप लगाए, डेढ़ वर्षीय बेटे को अपने पास रखने का दावा

Must Read

आगरा। थाना सैयां क्षेत्र के ग्राम बनकशा निवासी संध्या ने अपने पति संदीप और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। संध्या के अनुसार उसकी शादी 10 मई 2023 को भरतपुर जिले के रूपवास थाना क्षेत्र के ग्राम कारई निवासी संदीप पुत्र उदय सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के बाद वह ससुराल में रह रही थी और समय-समय पर अपने मायके आती-जाती थी।

शिकायत के अनुसार 28 अगस्त 2026 को संध्या त्योहार के सिलसिले में अपने मायके आई हुई थी। इसी दौरान उसका पति संदीप भी वहां पहुंचा। अगले दिन 29 अगस्त को संदीप ने उसे कारई स्थित ससुराल चलने के लिए कहा, लेकिन परिवार के लोगों ने उसकी तबीयत को देखते हुए जाने से मना कर दिया। संध्या का आरोप है कि इस बात को लेकर उसके पति ने उसके साथ गाली-गलौज की।

संध्या के मुताबिक 30 अगस्त को वह अपने पिता रामविलास के साथ ससुराल कारई पहुंची। रात में पति ने उसके साथ संबंध बनाने को लेकर दबाव बनाया। संध्या का कहना है कि उस समय उसे तेज बुखार था, इसलिए उसने मना कर दिया। शिकायत में उसने पति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध यौन संबंध बनाने का दबाव डालने और मना करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

विवाद बढ़ने पर जेठ और सास समेत अन्य परिजनों पर भी मारपीट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि उसके विरोध करने पर पति संदीप गुस्से में आ गया। इसके बाद उसका जेठ पिंटू उर्फ चंद्रपाल, सास चंद्रवती और ससुर उदय सिंह भी वहां पहुंच गए। संध्या के अनुसार सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की। उसने आरोप लगाया कि जेठ पिंटू उर्फ चंद्रपाल ने कथित तौर पर कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि पति संदीप पर भी जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

ससुर पर पेट्रोल और ईंट लेकर धमकाने का आरोप

संध्या ने शिकायत में ससुर उदय सिंह पर हाथ में ईंट और पेट्रोल लेकर उसके ऊपर डालने तथा आग लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान उसके पिता रामविलास भी वहां पहुंचे और उन्होंने उसे बचाया। पीड़िता का दावा है कि उसके पिता के साथ भी ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की।

बच्चे को अपने पास रखने का दावा, न्याय और बेटे की मांग

संध्या का कहना है कि उसका पहले भी रक्षाबंधन के दौरान ससुराल पक्ष से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। उस समय कथित तौर पर समझौता करा दिया गया था। अब दोबारा विवाद होने के बाद संध्या का आरोप है कि उसे और उसके पिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया तथा उसके करीब डेढ़ से दो वर्ष के बेटे दक्ष को ससुराल पक्ष ने अपने पास रख लिया है।

ससुराल वालों ने अपने बचाव के लिए संध्या पर झूठे आरोपलगाए है कि वह जेवर चोरी करके भाग गई

पीड़िता के अनुसार उसे और उसके पिता को कथित तौर पर घर में बंद भी कर दिया गया था। बाद में मौका मिलने पर दोनों वहां से निकलकर अपनी जान बचाते हुए पुलिस के पास पहुंचे। संध्या का कहना है कि उसने मामले को लेकर अलग-अलग स्तर पर आवेदन दिए हैं, लेकिन अभी तक उसे अपेक्षित सुनवाई नहीं मिली है।

संध्या ने थाना सैयां पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई करने, अपनी और पिता की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बेटे दक्ष को उसके पास दिलाने की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि वह अपने बच्चे के भविष्य को लेकर बेहद परेशान है और चाहती है कि समय रहते प्रशासन उसकी मदद करे। उसने यह भी कहा कि वह अपने पति और परिवार के साथ रहना चाहती है, लेकिन पहले उसकी और उसके बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित होना जरूरी है।

शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस की जांच और ससुराल पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

मारपीट में युवक को बेहोश होने तक पीटा, पैर-पेट और गर्दन में गंभीर चोटें; पीड़ित बोला- धमकियों से परिवार दहशत में

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले के रुदौली क्षेत्र निवासी सूरज पोद्दार ने कुछ लोगों पर उसके साथ बेरहमी से...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img