Saturday, August 15, 2026

पति के लापता होने के बाद ससुराल से निकाली गई विवाहिता, जान से मारने की धमकी और पुलिस की बदसलूकी का आरोप, डीसीपी से लगाई न्याय की गुहार

Must Read

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के वसंत विहार थाना क्षेत्र से एक विवाहिता के साथ कथित उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। 20 वर्षीय श्रेया श्रीवास्तव ने अपने पति, ससुराल पक्ष और उनके परिचितों पर घर से बेदखल करने, जान से मारने की धमकी देने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, विवाहिता का कहना है कि जब वह अपनी शिकायत लेकर थाना वसंत विहार पहुंची तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी उसके साथ बदसलूकी की और बिना कार्रवाई किए थाने से भगा दिया। अब पीड़िता ने डीसीपी दक्षिण दिल्ली से मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 11 जून 2026 को आगरा निवासी हेमेंद्र कुमार से हुई थी। उसका आरोप है कि 2 अगस्त 2026 से उसके पति उसे छोड़कर चले गए और उसके बाद उनका कोई संपर्क नहीं हो सका। जब वह अपने ससुराल पहुंची तो वहां मौजूद लोगों ने यह कहकर उसे घर में घुसने से रोक दिया कि उसे परिवार से बेदखल कर दिया गया है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उसे जबरन वहां से लौटा दिया गया।

श्रेया का आरोप है कि उसके पति और ससुराल पक्ष ने उसे खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। उसके मुताबिक उससे कहा गया कि यदि वह आगरा आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसके पति के दोस्त चेतन, गणेश, चैतन्य और उसके जीजा भी लगातार उसे धमकियां दे रहे हैं, जिससे वह भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।

मामले का एक और गंभीर पहलू तब सामने आया जब पीड़िता ने बताया कि वह अपनी शिकायत लेकर थाना वसंत विहार पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत दर्ज करने के बजाय पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदतमीजी की और उसे थाने से भगा दिया। पीड़िता का दावा है कि उसके पास पुलिसकर्मियों के व्यवहार की ऑडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसे वह साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने को तैयार है।

इस बीच सामने आई जनरल डायरी की प्रति के अनुसार थाना वसंत विहार में 4 अगस्त 2026 को दर्ज जीडी में हेमेंद्र कुमार के लापता होने की सूचना दर्ज की गई है। जीडी में उल्लेख है कि हेमेंद्र कुमार 2 अगस्त 2026 को घर से जाने के बाद वापस नहीं लौटे और उनकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है। इस घटनाक्रम ने पूरे मामले को और अधिक उलझा दिया है, क्योंकि एक ओर पति के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज है तो दूसरी ओर पत्नी ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना तथा जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में मांग की है कि उसके पति हेमेंद्र कुमार, ससुराल पक्ष तथा चेतन, गणेश, चैतन्य और जीजा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों तथा वैवाहिक प्रताड़ना, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही थाना वसंत विहार के उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाए जिन्होंने कथित रूप से उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसने अपनी ऑडियो रिकॉर्डिंग, आधार कार्ड और विवाह से संबंधित दस्तावेजों को भी साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत करने की बात कही है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

मीटर की रीडिंग लेने गए बिजली कर्मचारी को पालतू कुत्तों से कटवाया, जगह-जगह नोंच कर किया लहूलुहान

ग्वालियर के हजीरा थाना इलाके के इंदिरा नगर में एक शख्स ने बिजली कर्मचारी को पालतू कुत्तों से कटवा...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img