Saturday, August 15, 2026

दिल्ली में मामूली बहस बनी खूनी वारदात, भतीजे की चाकू मारकर हत्या, मरने से पहले बताए दो आरोपियों के नाम

Must Read

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रन्होला थाना क्षेत्र के विकास नगर में मंगलवार रात मामूली कहासुनी कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई। गली में हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस पीसीआर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दो आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की रात करीब 8:56 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि विकास नगर की गली नंबर-3 के पास एक युवक को चाकू मार दिया गया है और वह खून से लथपथ पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही रन्होला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर खून के निशान मिले, जबकि घायल को पहले ही पीसीआर द्वारा संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल, मंगोलपुरी ले जाया जा चुका था।

मृतक के चाचा जगन्नाथ ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अजय घटना से कुछ समय पहले गली में दो युवकों के साथ बहस कर रहा था। वह उस समय घर लौट गए थे। लगभग 10 से 15 मिनट बाद उन्हें सूचना मिली कि अजय पास की आटा चक्की की सीढ़ियों पर गंभीर रूप से घायल पड़ा है। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि अजय की कमर के पीछे चाकू का गहरा घाव था और काफी खून बह चुका था।

परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाते समय अजय ने बेहद मुश्किल से अपने ऊपर हमला करने वाले दो युवकों के नाम “राजू” और “बिट्टू” बताए। इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून के नमूने, चप्पलों की एक जोड़ी, खून से सना गमछा समेत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं। मोबाइल क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए तथा घटनास्थल की फोटोग्राफी भी कराई। पुलिस का कहना है कि बरामद साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिससे आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस घटना के बाद विकास नगर इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली विवाद का इस तरह खूनी अंजाम तक पहुंच जाना बेहद चिंताजनक है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

मीटर की रीडिंग लेने गए बिजली कर्मचारी को पालतू कुत्तों से कटवाया, जगह-जगह नोंच कर किया लहूलुहान

ग्वालियर के हजीरा थाना इलाके के इंदिरा नगर में एक शख्स ने बिजली कर्मचारी को पालतू कुत्तों से कटवा...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This

- Advertisement -spot_img