सीहोर के बुधनी मिडघाट नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कंटेनर ने भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में करीब 100 भेड़ों की मौत हो गई।
सीहोर: जिले के बुधनी क्षेत्र अंतर्गत आने वाले व्यस्ततम मिडघाट नेशनल हाईवे पर मंगलवार को लगभग ढाई से तीन बजे एक भीषण और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के एक बड़े झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयंकर टक्कर में लगभग 100 बेजुबान भेड़ों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दर्जनों अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
कंटेनर ने 100 भेड़ के झुंड को रौंदा
जानकारी के अनुसार भेड़ पालक भेड़ों के झुंड को लेकर हाईवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए भेड़ों के झुंड को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते बड़ी संख्या में भेड़ें कंटेनर के पहियों के नीचे आ गईं। हादसे के बाद हाईवे पर मृत भेड़ों के शव बिखर गए और यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही बुधनी थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड़ में आई। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले कंटेनर और उसके चालक को अपनी हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में एमपी वक्फ बोर्ड ने अपनी एडवाइजरी में प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करने और कुर्बानी के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने की सलाह दी थी।
बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा कर रहे मामले की जांच
इस दर्दनाक घटना के चलते स्थानीय भेड़ पालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित भेड़ पालक रूपेश ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दुर्घटना में उनकी और अन्य साथियों की लगभग 100 भेड़ों की जान चली गई है। रोजी-रोटी का मुख्य जरिया माने जाने वाले इन मवेशियों की अचानक हुई मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे और आर्थिक संकट में आ गया है। स्थानीय ग्रामीणों और पशुपालकों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है। मामले में बुधनी के एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है।



